CSK vs GT IPL 2026, Ruturaj Gaikwad 49 Ball Fifty: गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया. टीम ने 37 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे. पिछले मुकाबले के शतकवीर संजू सैमसन 11 रन बना पाए, जबकि उर्विल पटेल 4 रन, सरफराज खान 0 तो डेवाल्ड ब्रेविस 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इस बीच कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक छोर संभाला और उन्होंने 60 गेंदों में नाबाद 74 रनों की पारी खेली. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए. गायकवाड़ ने भले ही अर्द्धशतक लगाया, लेकिन उन्होंने इतना स्लो खेला कि फैंस सवाल पूछने लगे कि वह टी20 खेल रहे थे या टेस्ट.
चेन्नई का चौथा सबसे स्लो अर्द्धशतक
शुरुआत में ही 4 विकेट गंवाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स दवाब में आ गई. टीम के रनों की गति ऐसी रही कि 10 ओवर के बाद उनका स्कोर 43 रन रहा. चेन्नई ने 12 ओवर में टीम फिफ्टी की. 12 ओवर के बाद गायकवाड़ ने 36 गेंदों में सिर्फ 20 रन बनाए थे. लेकिन इसके बाद कप्तान गायकवाड़ ने धीरे-धीरे गियर बदलना शुरू किया. उन्होंने 49 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया. यह मौजूदा आईपीएल में किसी भी खिलाड़ी का सबसे स्लो अर्द्धशतक है. जबकि जब से इम्पैक्ट खिलाड़ी का नियम आया है, उसके बाद से भी सबसे स्लो अर्द्धशतक है.
कप्तान गायकवाड़ 49 गेंदों में अपने पचासे से एक और अनचाही रिकॉर्ड लिस्ट में आ गए. वह आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चौथी सबसे स्लो फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस शर्मनाक रिकॉर्ड लिस्ट में टॉप पर पार्थिव पटेल हैं, जिन्होंने 2010 में पंजाब के खिलाफ 53 गेंदों में 50 रन बनाए थे. जबकि उनके बाद मैथ्यू हेडन, मुरली विजय, ड्वेन स्मिथ हैं.
कप्तान ने संभाली पारी
बात अगर मैच की करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही. टीम ने 37 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे लेकिन फिर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शिवम दुबे के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. दुबे 17 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
इसके बाद कप्तान ने कार्तिक शर्मा के साथ छठे विकेट के लिए 26 रन जोड़ते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. कार्तिक ने 9 गेंदों में 15 रन की पारी खेली. इसके बाद गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेलकर टीम को 158/7 के स्कोर तक पहुंचाया. गायकवाड़ 60 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 74 रन बनाकर नाबाद रहे.
यह भी पढ़ें: CSK vs GT: संजू सैमसन ने रचा इतिहास, 19 साल में ऐसा करने वाले पहले भारतीय, धोनी-रैना सब छूटे पीछे
यह भी पढ़ें: DC vs PBKS, IPL 2026: पंजाब ने रचा इतिहास, दिल्ली को दी 6 विकेट से मात, लगातार छठी जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं