Cooper Connolly Created History: आईपीएल 2026 का 49वां मुकाबला बीते गुरुवार (छह मई) को सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स (SRH vs PBKS) के बीच हैदराबाद में खेला गया. जहां पंजाब की टीम को जरूर 33 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा. मगर ऑस्ट्रेलियाई युवा बल्लेबाज कूपर कॉनली (Cooper Connolly) का प्रदर्शन सराहनीय रहा. टीम के लिए उन्होंने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 59 गेंदों का सामना किया. इस बीच 181.35 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 107 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से सात चौके और आठ खूबसूरत छक्के देखने को मिले. हालांकि, इस उम्दा पारी के बावजूद वह अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकामयाब रहे और टीम को हार का मुंह देखना पड़ा.
पीबीकेएस की हार में कॉनली का धमाका, रच दिया इतिहास
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मुकाबले में जरूर बीते कल पीबीकेएस को हार का सामना करना पड़ा. मगर कॉनली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वह आईपीएल के इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं. कॉनली से पहले यह विशेष उपलब्धि क्विंटन डी कॉक के नाम दर्ज थी. जिन्होंने साल 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की तरफ से शिरकत करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 23 साल और 122 दिन की उम्र में शतक जड़ा था. मगर बीते कल कॉनली ने एसआरएच के खिलाफ महज 22 साल और 257 दिन की उम्र में शतक जड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
आईपीएल इतिहास में शतक बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
22 वर्ष और 257 दिन - कूपर कॉनली (पीबीकेएस) - बनाम एसआरएच - हैदराबाद - 2026
23 वर्ष और 122 दिन - क्विंटन डी कॉक (दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) - बनाम आरसीबी - बेंगलुरु - 2016
23 वर्ष और 153 दिन - डेविड वॉर्नर (दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) - बनाम केकेआर - दिल्ली - 2010
23 वर्ष और 330 दिन - डेविड मिलर (किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स)- बनाम आरसीबी - मोहाली - 2013
23 वर्ष और 352 दिन - कैमरन ग्रीन (एमआई) - बनाम एसआरएच - वानखेड़े - 2023
खूब चल रहा है कॉनली का बल्ला
जारी सीजन में कूपर कॉनली का बल्ला खूब चल रहा है. उनके शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टूर्नामेंट में उन्होंने कुल नौ मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से नौ पारियों में 377 रन निकले हैं. जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है. वह सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में फिलहाल 11वें पायदान पर काबिज हैं.
यह भी पढ़ें- VIDEO: चीयरलीडर्स का जीत लिया दिल, आखिरकार इस नन्ही बच्ची ने किया क्या?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं