ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के उभरते हुए सितारे कूपर कोनोली ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में एक ऐसी ऐतिहासिक पारी खेली, जिसने न सिर्फ उनकी टीम को शर्मनाक क्लीन स्वीप से बचा लिया, बल्कि उनका नाम दुनिया के महानतम बल्लेबाजों की लिस्ट में भी दर्ज करा दिया. बांग्लादेश से मिले 275 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज कोनोली ने 134 गेंदों पर 13 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 149 रनों की मैराथन पारी खेली. इस जादुई पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 49.3 ओवर में 9 विकेट खोकर 277 रन बनाए और मैच 1 विकेट से अपने नाम कर लिया.
रोमांचक मोड़ पर आउट हुए कोनोली, दिग्गज क्लब में शामिल
मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर था जब कूपर कोनोली 48.3 ओवर में नौवें विकेट के रूप में आउट हुए. उस समय ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 4 रन चाहिए थे, जिसे बाकी बचे बल्लेबाजों ने 3 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया. अपनी इस 149 रनों की पारी के साथ ही कोनोली वनडे क्रिकेट इतिहास में ठीक 149 रन के स्कोर पर आउट होने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले क्रिकेट इतिहास के ये दिग्गज इस अनोखे आंकड़े पर आउट हो चुके हैं:
विवियन रिचर्ड्स (बनाम भारत, जमशेदपुर 1983)
एडम गिलक्रिस्ट (बनाम श्रीलंका, ब्रिजटाउन 2007)
एबी डी विलियर्स (बनाम वेस्टइंडीज़, जोहान्सबर्ग 2015)
स्टीव स्मिथ (बनाम भारत, वाका 2016)
कूपर कोनोली (बनाम बांग्लादेश, मीरपुर 2026)
दूसरे छोर से गिरते रहे विकेट, बाकी बल्लेबाजों का ऐसा रहा योगदान
एक छोर पर कोनोली चट्टान की तरह डटे रहे, जबकि दूसरे छोर से बांग्लादेशी गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर दबाव बनाए रखा. ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान जोश इंग्लिस ने 21, मार्नस लाबुशेन ने 29, कैमरन ग्रीन ने 27 और ओलिवर पिक ने 27 रनों का योगदान दिया. इन छोटी लेकिन उपयोगी पारियों की बदौलत कोनोली को दूसरे छोर से सहारा मिला और ऑस्ट्रेलिया यह करीबी मुकाबला जीतने में सफल रहा. इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की इस सीरीज में बांग्लादेश के हाथों सूपड़ा साफ होने के खतरे को टाल दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं