विज्ञापन

IPL 2026: आरसीबी का 'साइलेंट मैच विनर', 36 की उम्र में गेंद से कर रहा कमाल

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में जोश हेजलवुड आरसीबी की तरफ से खेलते हुए अभी लय में दिखाई नहीं दिए हैं, लेकिन भुवनेश्वर कुमार की सफलता ने उनकी नाकामी को भी अब तक बखूबी छुपाकर रखा है.

IPL 2026: आरसीबी का 'साइलेंट मैच विनर', 36 की उम्र में गेंद से कर रहा कमाल
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी

आईपीएल 2026 (IPL 2026) में अपने खिताब का बचाव करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की शुरुआत इस सीजन शानदार रही है. 36 वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज आरसीबी के लिए पिछले सीजन की तरह ही इस बार भी ट्रंप कार्ड साबित हो रहा है. यह गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि भुवनेश्वर कुमार हैं. आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार ने अपनी शानदार गेंदबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया है. भुवनेश्वर इस सीजन खेले 6 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुके हैं. आरसीबी की तरफ से इस सीजन खेलते हुए भुवनेश्वर ने न सिर्फ विकेट निकाले हैं, बल्कि वह काफी किफायती भी रहे हैं. उन्होंने 8.33 की इकोनॉमी से रन दिए हैं. सबसे अहम बात यह है कि 36 वर्षीय भुवनेश्वर पावरप्ले और अंतिम ओवर्स दोनों में ही लगातार अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में जोश हेजलवुड आरसीबी की तरफ से खेलते हुए अभी लय में दिखाई नहीं दिए हैं, लेकिन भुवनेश्वर कुमार की सफलता ने उनकी नाकाम को भी अब तक बखूबी छुपाकर रखा है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भुवनेश्वर ने पावरप्ले में ही 3 विकेट निकाले थे. भले ही भुवनेश्वर की उम्र बढ़ रही हो, लेकिन वह अपनी शानदार गेंदबाजी से युवा गेंदबाजों को पूरी टक्कर दे रहे हैं.

आरसीबी के लिए हमेशा से ही तेज गेंदबाजी एक चिंता का सबब रही थी. हालांकि, आईपीएल 2025 में भुवनेश्वर कुमार के टीम से जुड़ने के बाद आरसीबी का गेंदबाजी अटैक संतुलित दिखाई दिया है. नई गेंद के साथ भुवनेश्वर जोश हेजलवुड संग मिलकर पावरप्ले में बल्लेबाजों के लिए दिक्कतें पैदा कर रहे हैं. वहीं, अंत के ओवरों में भुवनेश्वर न सिर्फ रनों पर लगाम लगा रहे हैं, बल्कि अहम मौकों पर टीम को विकेट दिलाने में भी सफल हो रहे हैं.

आईपीएल 2025 में भी भुवनेश्वर ने आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाने में अपनी गेंदबाजी से अहम रोल अदा किया था. उन्होंने 14 मुकाबलों में कुल 17 विकेट निकाले थे. 36 साल के हो चले भुवनेश्वर पर बढ़ती उम्र का कोई असर नजर नहीं आया है. उनकी फिटनेस भी कमाल की नजर आई है और गेंदबाजी के साथ-साथ वह फील्डिंग में भी अहम योगदान देते हुए नजर आए हैं. भुवनेश्वर अगर इसी लय के साथ आईपीएल 2026 के पूरे सीजन में गेंदबाजी करने में सफल रहे, तो आरसीबी के लिए खिताब का बचाव करने का रास्ता आसान हो सकता है.

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी और वरुण चक्रवर्ती के बीच हुई तीखी नोकझोंक, फिर KKR के दिग्गज ने किया कुछ ऐसा, दंग रह गए लोग

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com