विज्ञापन

BCCI की पोस्ट से बढ़ीं अटकलें, क्या हरमनप्रीत के बाद स्मृति मंधाना संभालेंगी टीम इंडिया की कमान? तस्वीर वायरल

जिम्बाब्वे सीरीज के लिए गुवाहाटी में हुई महिला चयन समिति की बैठक की तस्वीर ने भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच नई बहस छेड़ दी है. बीसीसीआई महिला 'एक्स' अकाउंट द्वारा पोस्ट की गई एक तस्वीर में मुख्य कोच अमोल मजूमदार के साथ स्मृति मंधाना नजर आईं.

BCCI की पोस्ट से बढ़ीं अटकलें, क्या हरमनप्रीत के बाद स्मृति मंधाना संभालेंगी टीम इंडिया की कमान? तस्वीर वायरल
BCCI की बैठक में अमोल मजूमदार के साथ दिखीं स्मृति मंधाना

हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अगला कप्तान कौन होगा, इस सवाल का जवाब भले ही अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया हो, लेकिन बीसीसीआई महिला टीम के आधिकारिक 'X' हैडल से की गई एक पोस्ट ने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है. दरअसल, जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के लिए महिला चयन समिति की बैठक गुवाहाटी के ACA स्टेडियम में आयोजित की गई. बीसीसीआई महिला की ओर से इस बैठक की एक तस्वीर साझा की गई, जिसमें मुख्य कोच अमोल मजूमदार के साथ अबतक उपकप्तान की भूमिका निभा रही स्मृति मंधाना भी नजर आईं. तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि हरमनप्रीत कौर के बाद टीम इंडिया की कमान अब मंधाना को सौंपी जा सकती है.

Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि, खबर लिखे जाने तक BCCI की ओर से स्मृति मंधाना को कप्तान बनाए जाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. इसके बावजूद भारतीय महिला क्रिकेट में उनके अनुभव और प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

30 वर्षीय स्मृति मंधाना पिछले एक दशक से अधिक समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा रही हैं. उन्होंने 2013 में अहमदाबाद में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबला खेला था और तब से लगातार भारतीय बल्लेबाजी की प्रमुख स्तंभ बनी हुई हैं.

महाराष्ट्र की बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज के नाम तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 9 मैचों में 788 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं. वनडे क्रिकेट में मंधाना 120 मैचों में 5411 रन और 14 शतक अपने नाम कर चुकी हैं. वहीं 179 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उन्होंने 4867 रन बनाए हैं, जो महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक है. उनके नाम इस प्रारूप में सबसे ज्यादा 39 अर्धशतक भी दर्ज हैं.

मंधाना हाल ही में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बनी थीं. इसके अलावा वह विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं और कई मौकों पर हरमनप्रीत की गैरमौजूदगी में टीम का नेतृत्व भी कर चुकी हैं.

ऐसे में BCCI की ओर से साझा की गई तस्वीर के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली पूर्णकालिक कप्तान स्मृति मंधाना हो सकती हैं. अब सभी की निगाहें बोर्ड के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Smriti Mandhana, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com