BCCI on Vaibhav Sooryavasnhi: पिछले करीब एक साल के भीतर भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी 15 साल के वैभव सूर्यवंश (Vaibhav Sooryavanshi) ने खासी उपलब्धियों के साथ दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी हैं. और उनका खेल भी आगे बढ़ा रहा है. हाल ही में दलीप ट्रॉफी में वह सिर्फ 8 रन से शतक से चूक गए. अब करोड़ों फैंस इस इंतजार में हैं कि वैभव कब सफेद जर्सी में टीम इंडिया के लिए खेलते दिखाई पड़ेंगे. बहरहाल, अब बीसीसीआई ने जरूर सूर्यवंशी के लिए "प्लान सचिन" तैयार कर लिया है. इस प्लान का खुलासा बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने गरुवार को मुंबई में हुई टीम इंडिया के प्रदर्शन की रिव्यू मीटिंग (BCCI review meeting) के बाद किया. बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने खुलासा किया कि बीसीसीआई इस 15 वर्षीय खिलाड़ी पर कड़ी नजर रख रहा है. और यह सुनिश्चित करना चाहता है कि उनकी शुरुआती सफलता एक लंबे और विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय करियर में तब्दील हो.
BCCI का वैभव पर 'प्लान सचिन'
सैकिया ने कहा, 'हम चाहते हैं कि वैभव सूर्यवंशी या उनके कद का कोई भी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की तरह देश की सेवा करता रहे या उन अन्य खिलाड़ियों की तरह बने जो अतीत में किंवदंती बने.' उन्होंने आगे कहा, 'इसलिए हम वैभव को बहुत गंभीर तरीके से देखते हैं. उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में आगे बढ़ाए जा रहे हर कदम और हर कोण से उन पर नजर रखी जा रही है. बीसीसीआई उनके भविष्य पर बहुत बारीक नजर रख रहा है.'
बोर्ड सचिव बोले, 'हम एक सीरीज या एक साल का अजूबा नहीं चाहते. बीसीसीआई का उद्देश्य केवल सूर्यवंशी के तात्कालिक प्रभाव को भुनाना नहीं है, बल्कि एक ऐसा करियर बनाना है जो वर्षों तक चल सके.' उन्होंने कहा, 'आप देखिए, बीसीसीआई इस बात पर गर्व कर सकता है कि हम 15 साल की उम्र के एक खिलाड़ी को बढ़ावा दे रहे हैं जो अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में पहले से ही अपनी छाप छोड़ रहा है. लेकिन हम इस बात को लेकर बहुत सतर्क हैं कि वह हर सही कदम आगे बढ़ाए ताकि यह सिर्फ एक सीरीज या एक साल का अजूबा न बनकर रह जाए.' बीसीसीआई सचिव ने जोर देकर कहा कि सूर्यवंशी की प्रगति पर हर स्तर पर बारीकी से नज़र रखी जाएगी.
सैकिया ने दोहराया, 'हम चाहते हैं कि वैभव की प्रासंगिकता, या उनके कद का कोई भी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की तरह देश के लिए खेलता रहे और सेवा करे.' इस युवा खिलाड़ी के तेजी से हुए उभार ने बोर्ड को उम्मीद के कई कारण दिए हैं. राजस्थान रॉयल्स के साथ एक शानदार आईपीएल 2026 अभियान के बाद अपना पहला कॉल-अप अर्जित करने के बाद वह भारत के अब तक के सबसे कम उम्र के पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
बीसीसीआई के बड़े टैलेंट पूल का हिस्सा हैं सूर्यवंशी
महत्वपूर्ण बात यह है कि बीसीसीआई का ध्यान केवल सूर्यवंशी तक सीमित नहीं है. सैकिया ने खुलासा किया कि बोर्ड ने उभरते हुए खिलाड़ियों के एक बड़े समूह की पहचान की है, जिन पर 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE)' के माध्यम से नजर रखी जा रही है,
उन्होंने कहा, 'हमारे चयनकर्ता देख रहे हैं, हमारे पास आगामी खिलाड़ियों की एक बड़ी संख्या है जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. इसलिए हम सभी खिलाड़ियों को देख रहे हैं, केवल वैभव की ही बात नहीं है, बल्कि लगभग 10-15 खिलाड़ी ऐसे हैं जो हमारे लक्षित समूह में हैं. उनका नाम हमारी लक्षित समूह सूची में है, और हमारे CoE प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण द्वारा उन पर लगातार नज़र रखी जा रही है, जो उनके भविष्य, उनके प्रशिक्षण और कौशल विकास में गहरी रुचि ले रहे हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं