विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी कब करेंगे टीम इंडिया के लिए डेब्यू? IPL फाइनल के बाद BCCI ने दिए संकेत

BCCI सचिव ने 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की पूरे सीज़न के दौरान उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए सराहना की है. और साथ ही टीम इंडिया के डेब्यू को लेकर बड़ा बयान दिया है.

वैभव सूर्यवंशी कब करेंगे टीम इंडिया के लिए डेब्यू? IPL फाइनल के बाद BCCI ने दिए संकेत
BCCI on Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार परफॉर्मेंस कर फैन्स और पूर्व दिग्गजों का दिल जीत लिया. वैभव ने 776 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप हासिल करने में सफल रहे. वैभव के बेहतरीन परफॉर्मेंस को देखकर अब पूर्व दिग्गज 15 साल के इस खिलाड़ी को जल्द से जल्द भारत की सीनियर टीम में शामिल करने की वकालत कर रहे हैं. यही नहीं बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने वैभव की प्रतिभा का लोहा  माना है..आईपीएल फाइनल के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सैकिया ने कहा, "यह एक शानदार सीजन था...मुझे उम्मीद है कि इस आईपीएल के दौरान सभी फैंस का समय बहुत अच्छा बीता, और आरसीबी को लगातार दो बार टूर्नामेंट जीतने के लिए बधाई. वैभव सूर्यवंशी एक उभरते हुए शानदार खिलाड़ी हैं, और उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है. बीसीसीआई उन्हें क्रिकेट के उच्चतम स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा."

एमएसके प्रसाद ने माना आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में वैभव को मिलना चाहिए मौका

दूसरी ओर भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने माना है कि समय आ गया है कि वैभव को भारत की टीम में शामिल किया जाए,एमएसके प्रसाद ने वैभव सूर्यवंशी को ‘अति प्रतिभाशाली' और ‘टी20 क्रिकेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' करार देते हुए कहा कि इस महीने के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए. प्रसाद ने पीटीआई से कहा, ‘‘वह केवल असाधारण प्रतिभा ही नहीं हैं. वह टी20 क्रिकेट में विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं. उन्हें तुरंत ही भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए. भारत ए के साथ श्रीलंका दौरे के बाद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुना जाना चाहिए.''

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्हें भारत की सीनियर टीम में चुना जा सकता है,  मुझे पूरा विश्वास है कि वह श्रीलंका में भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करेंगे. उन्हें इंतजार करवाने का कोई मतलब नहीं होगा. वह जल्द ही भारत के लिए खेलेंगे और लंबे समय तक खेलते रहेंगे.''

प्रसाद ने इसके साथ ही कहा कि सूर्यवंशी अभी केवल 15 साल के हैं और उनको अच्छी तरह से संभालना बेहद जरूरी है. प्रसाद ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्हें कुछ समय के लिए (वीवीएस) लक्ष्मण या (राहुल) द्रविड़ के मार्गदर्शन में रहना चाहिए. वे ही ऐसे लोग हैं जो उन्हें विनम्र बनाए रख सकते हैं. इस स्तर पर उनके करियर को सही दिशा देने के लिए यह जरूरी है.''

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com