BCCI on Virat Kohli and Rohit Sharma Future: बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए तैयारी जारी है और इसे सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया जा सकता है.सैकिया ने पीटीआई को दिए गए विशेष साक्षात्कार में व्यक्तिगत खिलाड़ियों और टीम में उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर किसी भी तरह की चर्चा करने से इनकार कर दिया. अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को लेकर जब भी कोई चर्चा होती है तो दो दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम पर सबसे अधिक चर्चा होती है. सैकिया ने हालांकि कहा कि ‘बोर्ड रूम में होने वाली रणनीतिक चर्चाएं' अंदर तक ही सीमित रहनी चाहिए.
कोहली और रोहित वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं ?
सैकिया से जब पूछा गया कि क्या बीसीसीआई ने इस मामले पर आपस में किसी तरह की चर्चा की है तो उन्होंने कहा कि सभी हितधारक अपने विचारों पर सहमत हैं जो सतत चलने वाली प्रक्रिया के लिए जरूरी है. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास एक बहुत ही सुव्यवस्थित टीम और कई विशेषज्ञ हैं. सभी हितधारकों को साथ लेकर चला जाता है. जो भी फैसले किए जाते हैं, उनमें क्रिकेट समिति, चयनकर्ता और अन्य सभी हितधारक शामिल होते हैं. इनमें सहयोगी स्टाफ के सदस्य, मुख्य कोच और संबंधित खिलाड़ी शामिल हैं.'' सैकिया ने कहा, ‘‘नियमित रूप से बातचीत हो रही है, इसलिए हमें किसी तरह से विशेष बातचीत करने की जरूरत नहीं है. यह एक सतत प्रक्रिया है.''
बीसीसीआई सचिव ने नहीं खोले पत्ते
इस तरह से बीसीसीआई सचिव ने अपने पत्ते खोलने से स्पष्ट इनकार कर दिया। यही नहीं उन्होंने कहा कि वह बोर्ड रूम की कोई भी जानकारी उजागर नहीं करेंगे. सैकिया ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मुझे मीडिया या लोगों के सामने कुछ भी खुलासा करना चाहिए क्योंकि ये रणनीतिक चर्चाएं हैं. मुझे मीडिया के सामने इनके बारे में बोलने का अधिकार नहीं है। यह ऐसे मामले हैं जो बोर्डरूम के भीतर ही रहने चाहिए.''
ये भी पढ़ें- ये लड़की वैभव जैसी बवाल निकली, वनडे में मार दी ट्रिपल सेंचुरी, बिहार क्रिकेट का नया बवंडर!
ये भी पढ़ें- श्रीसंत ने हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में लड़ने की दी चुनौती, थप्पड़ कांड में फूटा गुस्सा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं