विज्ञापन

T20 वर्ल्ड कप से पहले कमजोर पड़ा ऑस्ट्रेलिया, वर्ल्ड चैंपियन गेंदबाज़ बाहर

T20 World Cup 2026: 60 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में 7.47 की इकॉनमी से 79 विकेट लेनेवाले 35 साल के हेज़लवुड कई वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा रहे हैं और उनकी कमी कंगारू टीम को यकीनन खलनेवाली है.

T20 वर्ल्ड कप से पहले कमजोर पड़ा ऑस्ट्रेलिया, वर्ल्ड चैंपियन गेंदबाज़ बाहर
T20 World Cup 2026

Josh Hazlewood out of T20 World Cup: टी-20 वर्ल्ड कप के शुरू होने से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है. ऑस्ट्रेलियाई पेसर जॉश हेज़लवुड पूरी तरह फ़िट नहीं हो पाये हैं और अब वो वर्ल्ड कप में कंगारू टीम का हिस्सा नहीं हो पायेंगे. 60 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में 7.47 की इकॉनमी से 79 विकेट लेनेवाले 35 साल के हेज़लवुड कई वर्ल्ड कप विनिंग टीम का हिस्सा रहे हैं और उनकी कमी कंगारू टीम को यकीनन खलनेवाली है.

पहली बार ऑस्ट्रेलिया का हल्ला नहीं
किसी भी बड़े टूर्नामेंट और वर्ल्ड कप में, पिछले ढाई दशकों में ऑस्ट्रेलियाई टीम सबसे मज़बूत दावेदार के तौर पर मुक़ाबलों में शामिल होती रही है. लेकिन इस बार टीम इंडिया की दावेदारी टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे मज़बूत मानी जा रही है. टीम इंडिया डिफेंडिगं चैंपियन तो है ही सबसे ज़्यादा दो बार ख़िताब जीत चुकी टीम इंडिया घरेलू कंडिशंस में खिताब जीतने के लिए हर लिहाज़ से परफेक्ट दिख रही है.

वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम की पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टी-20 सीरीज़ से में 0-3 से हार ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ये ज़रूर कहा जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरी ताक़त के साथ पाकिस्तान नहीं गई थी. लेकिन वर्ल्ड कप से ठीक पहले हेज़लवुड का फ़िटनेस की वजह से बाहर होना उनके लिए अच्छे संकेत नहीं हैं.

वर्ल्ड चैंपियन और IPL चैंपियन हेज़लवुड का जलवा
ग्लेन मैक्ग्रा के बाद जॉश हेज़लवुड ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की गेंदबाज़ी की कमान संभाल ली है. पैट कमिंस के साथ हेज़लुड घातक कगांरू पेस बैटरी का हिस्सा रहे हैं.  हेज़लवुड 2021 की टी-20 वर्ल्ड कप विनिंग टीम का भी हिस्सा रहे हैं. 2021 की विश्व विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए हेज़लवुड टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेनेवाले गेंदबाज़ रहे थे. 2021 में उन्होंने 7.29 की इकॉनमी से 11 विकेट अपने नाम किए थे.

2023 वनडे वर्ल्ड कप में भी हेज़लवुड ने कंगारू टीम को चैंपियन बनाने में अहम रोल अदा किया था. 2023 वर्ल्ड कप के 11 मैचों में हेज़लवुड ने 4.81 की इकॉनमी से 16 विकेट झटके थे. IPL में 18 साल बाद बेंगलुरु टीम के पहली बार चैंपियन बनाने में भी हेज़लवुड का रोल बेहदअहम साबित हुआ. बेंगलुरु के लिए उन्होंने पिछले आईपीएल में 22 विकेट झटके.

जॉश फिटनेस को लेकर मुश्किल
हेज़लवुड की गैरमौजूदगी को लेकर ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता टोनी डोडिमेड ने कहा, “हमें उम्मीद थी कि जॉश हेज़लवुड सुपर 8 तक टीम में वापसी कर सकेंगे. लेकिन लगता है कि उन्हें फिट होने में थोड़ा वक्त और लगेगा. अगर फिटनेस लाने के लिए तेज़ी की तो ख़तरा बढ़ा सकता है.” ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता टोनी ने ये भी कहा कि वो फिलहाल हेज़लवुड के लिए विकल्प का एलान नहीं कर रहे हैं. उन्होंने ये भी कहा कि ज़रूरत और वक्त के मुताबिक ही वो विकल्प का एलान करेंगे.

2003 वर्ल्ड कप से पहले शेन वॉर्न हुए थे बाहर
2003 वर्ल्ड कप से ठीक पहले शेन वॉर्न को डायुरेटिक्स के इस्तेमाल के दोषी पाये गये और उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा. तब लगा था कि ऑस्ट्रेलियाको बड़ा झटका लगा है और इसका असर वर्ल्ड कप पर भी पड़ सकता है. मगर रिकी पॉन्टिंग की कप्तानी में ग्लेन मैक्ग्रा के साथ ऑस्ट्रेलियाई ड्रीम टीम ने वर्ल्ड कप जीता तो किसी को हैरानी नहीं हुई.

टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया
इन सबके बावजूद तकरीबन सभी एक्सपर्ट्स के टॉप फोर की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया का नाम ज़रूर शामिल है. ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ़ 2021 में टी-20 वर्ल्ड कप का ख़िताब जीता था जब हेज़लवुड कंगारू टीम का हिस्सा थे. जबकि, भारत (2007, 2024), इंग्लैंड (2010, 2022) और वेस्ट इंडीज़ (2012, 2016)ने 2-2 बार टी-20 वर्ल्ड कप के ख़िताब जीते हैं.

टी-20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नैथन एलिस, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैट कुहनेमान, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडन जैम्पा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com