भारतीय तेज गेंदबाज औकिब नबी का मानना है कि अतिरिक्त गति के अपने फायदे हैं लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में अपनी छाप छोड़ने के लिए वह घरेलू स्तर पर पिछले कई वर्षों से हासिल किए गए अपने कौशल और सीम मूवमेंट पर अधिक भरोसा कर रहे हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर वनडे क्रिकेट में अपने पदार्पण मैच में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले नबी बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए हवा और पिच की गति पर निर्भर रहते हैं. वह लगभग 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे से पहले पत्रकारों से बात करते हुए नबी से पूछा गया कि क्या वह अपनी गति बढ़ाने पर काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, ‘अगर आप अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं तो यह अच्छी बात है लेकिन मुझे अपने कौशल पर पूरा भरोसा है. मैंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है. यहां मैं अपने कौशल के दम पर आया हूं. अगर आप अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं तो यह एक अतिरिक्त फायदा है. लेकिन मुझे अपने कौशल पर पूरा भरोसा है. घरेलू क्रिकेट में मैंने जो अच्छा प्रदर्शन किया है, वह यहां भी काम आ रहा है.' न्यूजीलैंड दौरे पर नबी को शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाजों को अभ्यास सत्र के दौरान गेंदबाजी करने का मौका मिला है. उन्होंने बृहस्पतिवार को भी अभ्यास सत्र के दौरान काफी पसीना बहाया.
रोहित, विराट की सलाह
नबी ने कहा, ‘मैं पहली बार न्यूजीलैंड में गेंदबाजी कर रहा हूं. इसलिए यह थोड़ा अलग है. यहां आपको सीम मूवमेंट पर अधिक निर्भर रहना पड़ता है क्योंकि शीर्ष स्तर के बल्लेबाज स्विंग अच्छी तरह से खेलते हैं. उन्होंने (गिल, कोहली और रोहित) मुझे यही बताया.'
नबी ने कहा,‘उन्होंने मुझे बताया कि अगर आप ‘स्क्रैम्बल सीम' (गेंद को इस तरह छोड़ना कि सीम अनियमित रहे) का इस्तेमाल करते हैं या गेंद को पिच पर ज़ोर से पटकते हैं तो विकेट हासिल करने की ज्यादा संभावना होती है.' नबी को टेस्ट टीम में नहीं लिया गया है लेकिन वह टीम की तैयारी में मदद करने के लिए यहीं रुकेंगे. उन्होंने कहा, ‘टीम के साथ रहना अच्छा अनुभव होता है. हमें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा.' जम्मू कश्मीर के रहने वाले नबी को अपने राज्य की टीम को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद पहले टेस्ट क्रिकेट में मौका मिलने की उम्मीद थी.
न्यूजीलैंड के हालात भारत से एकदम अलग
नबी बोले, ‘घरेलू क्रिकेट में सीमित ओवरों के प्रारूप में मेरा रिकॉर्ड अच्छा है लेकिन मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुझे पहले सीमित ओवरों की क्रिकेट के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाएगा. मुझे पहले टेस्ट टीम में शामिल होने की उम्मीद थी लेकिन यह मेरे लिए अपना कौशल दिखाने का अच्छा अवसर है.' न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भारत में उनके पहले मैच में अनुभव की गई परिस्थितियों से बिल्कुल अलग हैं, जहां उन्होंने 8.5 ओवर में 84 रन लुटाए थे. उन्होंने कहा, ‘आप जिस भी विकेट पर खेल रहे हों, चाहे वह मददगार हों या सपाट. आप सही लेंथ पर गेंदबाजी करना चाहते हैं. जब विकेट से मदद मिल रही हो तो आपको उस पर भी ध्यान केंद्रित करना होता है. अगर आप अनुशासित गेंदबाजी नहीं करते हैं तो आप रन लुटा सकते हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं