अक्टूबर 2021 में लॉन्च हुई Tata Punch ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अब तक 8 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है. इस गाड़ी की जबरदस्त सफलता से पूरी ऑटो इंडस्ट्री हैरान है. लेकिन, अब Tata Punch को टक्कर देने के लिए Maruti Suzuki ने कमर कस ली है. Maruti Suzuki के Tata Punch को टक्कर देने वाली कार लॉन्च करने वाली है.
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki अगले साल यानी साल 2027 में Tata Punch को कड़ी टक्कर देने के लिए एक बिल्कुल नया मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है. देखा जाए तो Maruti Suzuki ने जनवरी 2017 में लॉन्च की गई Ignis के साथ इस माइक्रो-एसयूवी सेगमेंट में काफी पहले कदम रख दिया था, लेकिन बाजार में इस मॉडल को कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिला.
जिसकी वजह से कंपनी ने साल 2026 की शुरुआत में इसे बंद कर दिया और अब वो एक अधिक कंपीटिटव मॉडल डेवलप करने में जुट गई है. कंपनी के इंटरनल सोर्स के मुताबिक, इस नए मॉडल को 'Maruti Y43' कोडनेम दिया गया है. Tata Punch को टक्कर देने वाली इस गाड़ी को पूरी तरह से स्क्रैच से डिजाइन किया जा रहा है और ये एक बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर बेस्ड हो सकती है.
जापानी 'Kei' कार से इंस्पायर्ड होगा डिजाइन
नई Maruti Y43 जापानी बाजार के लिए डिजाइन की जाने वाली Suzuki की kei कारों से इंस्पायर्ड हो सकती है. इसी साल अगस्त में Maruti Suzuki के नए प्लांट में इस मॉडल के एक टेस्ट म्यूल को देखा गया था. हालांकि ये केवल एक एरियल व्यू थी, लेकिन इसका बॉक्सी शेप Suzuki की उन्हीं छोटी केई कारों की याद दिलाता है. सोशल मीडिया पर वायरल हुई इन फोटो से संकेत मिले हैं कि इस गाड़ी का डिजाइन काफी स्क्वैरिश होगा, जिसमें ऊपर की तरफ उठा हुआ सपाट बोनट और एकदम सीधा फ्रंट नोज देखने को मिलेगा.
हालांकि, जहां ये कार Suzuki की जापानी केई कारों से बिल्कुल अलग होगी, वो है इसका ग्राउंड क्लीयरेंस. भारतीय सड़कों की स्थिति को देखते हुए इसमें काफी ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस दिया जाएगा. Maruti Suzuki इस गाड़ी में लगभग 190 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस देने की प्लानिंग कर रही है, जो कि ए-सेगमेंट की कार के हिसाब से काफी शानदार है. इसके अलावा, कंपनी इसमें स्पोर्टी लुक के लिए 16-इंच के अलॉय व्हील्स भी दे सकती है.
केबिन के अंदर मिलेंगे ये कमाल के फीचर्स
फीचर्स के मामले में ये कार बेहद आधुनिक होने वाली है. Maruti Y43 में सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर, 50 वॉट से ज्यादा आउटपुट वाले फास्ट USB Type-C चार्जिंग पोर्ट्स, क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे कई बेहतरीन फीचर्स मिलने की उम्मीद है. वहीं सेफ्टी के लिए इसमें एलईडी फ्रंट फॉग लैंप्स, छह एयरबैग्स (6-airbags) और तंग जगहों पर आसानी से पार्क करने के लिए 360-डिग्री कैमरा सिस्टम दिया जा सकता है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो Maruti Suzuki इस नई Y43 में अपना नया Z12E 1.2-लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड तीन-सिलेंडर इंजन दे सकती है. ये गाड़ी पेट्रोल और पेट्रोल-CNG दोनों ही वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी. इन दोनों इंजनों के साथ ग्राहकों को 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन की चॉइस मिलेगी. ये Z12E इंजन पेट्रोल पर 82 hp की पावर और 112.4 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा, जबकि CNG पर चलने के दौरान ये 69 hp की पावर और 101.8 Nm का टॉर्क देगा. इसके अलावा, कंपनी भविष्य में इस इंजन पर आधारित अपना नया सीरीज-हाइब्रिड सिस्टम भी इस कार में पेश करने की योजना बना रही है, हालांकि बाद के स्टेज में लॉन्च किया जाएगा.
यह भी पढ़ें | Hero की पहली 2-सीटर कार, ऊपर की ओर खुलेंगे दरवाजे, छोटी जगहों के लिए बेस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं