भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. यही वजह है कि भारतीय टीम के कई खिलाड़ी शेष बचे वनडे मुकाबलों को छोड़कर वेलिंगटन के लिए रवाना हो गए हैं. मगर जमीन पर कदम रखने से पहले खिलाड़ियों के साथ कुछ ऐसा हादसा हुआ जिससे सभी खिलाड़ी डर गए. Revsportz की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टेस्ट टीम के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ के सदस्य एयर न्यूजीलैंड की फ्लाइट NZ5817 से वेलिंगटन के लिए रवाना हुए थे. शुरुआत में तो सबकुछ ठीक रहा. मगर वेलिंगटन एयरपोर्ट के पास पहुंचते ही प्लेन को तेज क्रॉसविंड और टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा. परिणाम यह रहा कि पहली बार में विमान लैंड करने में नाकामयाब रहा. जिसके बाद पायलटों ने समझदारी दिखाते हुए लैंडिंग की कोशिश रद्द कर दोबारा उड़ान भरने का फैसला लिया. इस दौरान वह करीब 5,000 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर दोबारा विमान को ले गए. उन्होंने देखा कि जब हवा के शांत हो गई है तो दोबारा लैंड करने का प्रयास किया. जिसमें वह कामयाब भी रहे.
लैंड होने के बाद खिलाड़ियों के जान में आई जान
इस पूरे वाक्ये के दौरान खिलाड़ियों समेत कोचिंग स्टाफ के सदस्य बुरी तरह से सहमे नजर आए. मगर गनीमत रही कि टर्बुलेंस के चलते हुई इस घटना में किसी भी सदस्य को कोई खरोंच तक नहीं आई. खिलाड़ी सुरक्षित अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने में कामयाब रहे.
दुनिया के सबसे मुश्किल एयरपोर्ट्स में एक है वेलिंगटन का एयरपोर्ट
आपको बता दें कि वेलिंगटन एयरपोर्ट को दुनिया के सबसे मुश्किल एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है. क्योंकि यह एयरपोर्ट चारों तरफ से पहाड़ियों से घिरा हुआ है. जहां तेज हवाओं से अक्सर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
ऐसी ही मुसीबत में भारतीय टीम भी फंस गई थी. दोपहर 12:45 बजे के करीब जब विमान रनवे के करीब पहुंचा तो पायलटों को हवा के जोरदार झटकों का सामना करना पड़ा. जिसके चलते पहले प्रयास में पायलटों को लैंडिंग रद्द करनी पड़ी.
यह भी पढ़ें- श्रेयस के पास इतिहास रचने का मौका, गिल की गैरमौजूदगी में संभालेंगे कमान, सीरीज पर कब्जे के इरादे से उतरेगा भारत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं