विज्ञापन

Asia Cup 2026: 'प्रतिका रावल भारतीय टीम में क्यों?' पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने उठाए अनगिनत सवाल

पिछले दिनों वीमेंस टीम में चोटिल जेमिमा रॉड्रिगेज की जगह प्रतिक रावल को चुना गया, तो उनकी जगह शामिल की गईं प्रतिका रावल पर मानो बवाल मच गया. और यह अभी तक जारी है

Asia Cup 2026: 'प्रतिका रावल भारतीय टीम में क्यों?' पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने उठाए अनगिनत सवाल
प्रतिका रावल का टीम में चयन विवाद का विषय बन गया है
Source: scocial media
नयी दिल्ली:

भारत की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने आगामी महिला एशिया कप के लिए भारतीय टी20 टीम में सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को शामिल करने के फैसले पर हैरानी जताई है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस निर्णय के पीछे की वजह समझ नहीं आ रही है. प्रतिका को आगामी एशिया कप (जो 28 अगस्त को दुबई में शुरू हो रहा है) के लिए भारत की टीम में जेमिमा रॉड्रिगेज की जगह शामिल किया गया है. जेमिमा 'द हंड्रेड' में सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए दाहिने हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट (हाई-ग्रेड टियर) का शिकार हो गई थीं, जिसके कारण वह टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं हैं.

प्रतिका पहली बार टी20 टीम में

प्रतिका को पहली बार टी20 टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा, उन्होंने नवंबर 2024 में चैलेंजर ट्रॉफी के बाद से कोई टी20 मैच नहीं खेला है, जहां उन्होंने 111.81 के स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए थे. एशिया कप के लिए प्रतिका को अनुष्का शर्मा और हरलीन देओल से आगे चुना गया, जो पहले टी20 टीम का हिस्सा रही थीं. प्रतिका वनडे विश्व कप 2025 के दौरान टखने की चोट के कारण यूपी वॉरियर्स के लिए महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 नहीं खेल पाई थीं.

इन वजहों से उठाया चोपड़ा ने सवाल

अंजुम ने  कहा, 'यह विश्वास करना मुश्किल है कि भारतीय टीम के पास चुनने के लिए कोई और खिलाड़ी नहीं थी. जब मैं ऐसा कहती हूं, तो मेरा मतलब यह नहीं है कि प्रतिका टी20 नहीं खेल सकतीं, लेकिन आप किसी ऐसे खिलाड़ी को क्यों चुनेंगे जिसने लंबे समय से टी20 नहीं खेला है? जहां तक मुझे याद है, घरेलू क्रिकेट में भी शायद ही कोई टी20 मैच हुआ हो जिसमें वह खेली हों. वह डब्ल्यूपीएल का हिस्सा नहीं थीं. वह एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं, लेकिन मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वह असल में चोट से वापसी कर रही हैं.'

यह भी एक वजह है !

उन्होंने आगे कहा, "वह इंग्लैंड में वार्विकशायर के लिए खेलने वाली थीं, जो वन-डे फॉर्मेट था. वहां से वह अब भारतीय टी20 इंटरनेशनल टीम में खेलेंगी. अब इसके सवालिया निशान लगने की कुछ वजहें हैं. पहली बात, उन्होंने बहुत कम प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला है. दूसरी बात, मुझे पूरा यकीन है कि भारतीय टीम उनसे भारत के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद नहीं कर रही है.'

सवाल की बड़ी वजह नंबर-3 भी है

अंजुम ने प्रतिका के बल्लेबाजी क्रम को लेकर सवाल उठाते हुए कहा, 'अगर वह नंबर तीन पर बल्लेबाजी नहीं कर रही हैं, तो क्या वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करेंगी? अगर ऐसा है, तो वह इस टीम में क्यों हैं? प्रतिका के टीम में आने से पहले अनुष्का शर्मा को आजमाया गया था. राघवी बिष्ट हैं जो चर्चा में रही हैं और वृंदा दिनेश हैं, जिन्होंने इंडिया 'ए' के ​​लिए खेला है, और कई अन्य खिलाड़ी भी रही हैं. अगर आप किसी को मौका देना चाहते हैं, तो आप ऐसे खिलाड़ी को चुन सकते हैं, जो डब्ल्यूपीएल का हिस्सा हो और जिसने उभरती हुई इंडिया 'ए' टीम के साथ यात्रा की हो.'


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pratika Pradeep Rawal, Anjum Chopra, India Women, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com