पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज कप्तान एडम गिलक्रिस्ट (Adam Gilchrist) ने संजू सैमसन (Sanju Samson) की जमकर सराहना की है. उनका कहना है कि मौजूदा समय में संजू दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20I बल्लेबाजों में से एक हैं. वह उनकी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित हैं. गिलक्रिस्ट ने कहा, 'इस समय संजू सैमसन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों में से एक हैं. मैं उन्हें वर्ल्ड कप से देख रहा हूं. जिस तरह से वह जिम्मेदारी को उठाते हैं. टीम के लिए खेलते हैं और मैच को समाप्त करते हैं. उससे मैं बार-बार प्रभावित होता हूं. वाकई वह सराहनीय हैं. संजू सैमसन असाधारण व्हाइट बॉल क्रिकेट के बल्लेबाज हैं.'
जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं संजू सैमसन
संजू सैमसन मौजूदा समय में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं. उनकी उम्दा फॉर्म का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहले देश के लिए बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टी20 वर्ल्ड कप का चैपिंयन बनाया. अब आईपीएल में सीएसके लिए सराहनीय प्रदर्शन कर रहे हैं. खबर लिखे जाने तक टूर्नामेंट में सीएसके की तरफ से उन्होंने कुल 10 मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 10 पारियों में 402 रन निकले हैं. जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं. ऑरेंज कैप की लिस्ट में वह पांचवें पायदान पर काबिज हैं.
सैमसन का आईपीएल करियर
बात करें सैमसन के आईपीएल करियर के बारे में तो उन्होंने खबर लिखे जाने यहां कुल 186 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 182 पारियों में 31.91 की औसत से 5106 रन निकले हैं. सैमसन के नाम आईपीएल में पांच शतक और 27 अर्धशतक दर्ज है. 119 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च पारी है.
सैमसन का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
देश के लिए सैमसन ने अबतक कुल 16 वनडे और 62 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से वनडे की 14 पारियों में 56.66 की औसत से 510 और टी20 की 54 पारियों में 28.55 की औसत से 1399 रन निकले हैं. सैमसन के नाम वनडे में एक शतक और तीन अर्धशतक एवं टी20 में तीन शतक और छह अर्धशकत दर्ज है.
यह भी पढ़ें- 'प्यार में धोखा', मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ ने महिला को किया चीट? लगाए सनसनीखेज आरोप, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं