भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी शानदार फॉर्म को एक बार फिर साबित किया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले के दौरान उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्याकुमार यादव के नाम था.
मैच में अभिषेक बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 24 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस दौरान लगाया गया उनका एक छक्का उन्हें रिकॉर्ड बुक में पहुंचाने के लिए काफी रहा. अभिषेक ने साल 2026 में अपने छक्कों की संख्या 69 तक पहुंचा दी और एक कैलेंडर ईयर में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले फुल मेंबर देश के बल्लेबाज बन गए.
इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्याकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 2022 में 68 छक्के लगाए थे. अब अभिषेक 69 छक्कों के साथ इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं. खास बात यह है कि भारत को इस साल अभी और टी20 मुकाबले खेलने हैं, ऐसे में उनके पास इस रिकॉर्ड को और आगे ले जाने का मौका रहेगा.
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के (फुल मेंबर देश)
अभिषेक शर्मा - 69* (2026)
सूर्याकुमार यादव - 68 (2022)
अभिषेक शर्मा - 54 (2025)
ईशान किशन - 52 (2026)
अभिषेक के लिए यह साल यादगार साबित हो रहा है. हाल ही में वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 रन पूरे करने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बने थे. उनसे पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्याकुमार यादव, हार्दिक पंड्या और केएल राहुल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
साल 2026 में अभिषेक ने अब तक 33 मैचों में 29 से ज्यादा की औसत और 206 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 950 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और आठ अर्धशतक निकले हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108 रन है, जो किसी टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक भी है.
हालांकि चौथे टी20 में उनकी टीम को हार का सामना करना पडा. हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 247 रन बनाए. कप्तान शाई होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रन की शानदार पारी खेली.
248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 25 गेंदों में 60 रन जोडे. संजू ने 23 गेंदों में 56 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद भारत नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा.
तिलक वर्मा (43) और नीतीश कुमार रेड्डी (41) ने मुकाबले को रोचक बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर सिमट गई. वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला 24 रन से जीतकर पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी. अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का फैसला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होने वाले अंतिम मुकाबले में होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं