Abhishek Sharma Upcoming Sixes Record, SRH vs PBKS IPL 2026: आईपीएल 2026 के 49वें रोमांचक मुकाबले में जब बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) से टकराएगी, तो सबकी नजरें 'सिक्सर किंग' अभिषेक शर्मा पर होंगी. अभिषेक शर्मा इस समय अपने करियर के एक ऐसे मुकाम पर खड़े हैं, जहां महज दो छक्के लगाते ही वह भारत में खेले गए टी20 मैचों में 300 छक्के पूरे करने का ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लेंगे. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के लिए खौफ का पर्याय बन चुके अभिषेक का यह 'छक्कों का तिहरा शतक' उनके आक्रामक अंदाज की गवाही देता है.
अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर उगल रहा आग
आईपीएल 2026 में अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर आग उगल रहा है. सनराइजर्स के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने इस सीजन में भी अपनी वही निडर बल्लेबाजी जारी रखी है, जिसके लिए वे जाने जाते हैं. पावरप्ले में अपनी बेखौफ हिटिंग से टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाना उनकी खूबी रही है. सीजन के अब तक के मैचों में उन्होंने न केवल तेजी से रन बनाए हैं, बल्कि स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों दोनों के खिलाफ मैदान के हर कोने में छक्के जड़े हैं. उनके इसी बेखौफ अंदाज ने हैदराबाद को लगातार पांच मैच जीतने में मदद की और टीम को पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंचा दिया है.
मैच के समीकरणों की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह मुकाबला साख की लड़ाई है. 10 में से 6 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर मौजूद हैदराबाद को अपने पिछले मैच में इसी मैदान पर केकेआर से हार झेलनी पड़ी थी, जिसे वे इस बार सुधारना चाहेंगे. वहीं, टेबल टॉपर पंजाब किंग्स के लिए राहें थोड़ी मुश्किल नजर आ रही हैं. सीजन की जबरदस्त शुरुआत करने वाली पंजाब की टीम पिछले दो मैच हार चुकी है. हालांकि, 11 अप्रैल को जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, तब पंजाब ने बाजी मारी थी, लेकिन हैदराबाद के पास अब अभिषेक शर्मा की फॉर्म और अपने घरेलू दर्शकों का साथ है.
दोनों टीमों के बीच ऐसा है आंकड़ों का इतिहास
दोनों टीमों के बीच आंकड़ों के इतिहास पर नजर डालें तो सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है. अब तक खेले गए 25 मुकाबलों में से हैदराबाद ने 17 बार जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब केवल 8 मैच जीत पाई है. अभिषेक शर्मा के लिए यह मैच इसलिए भी खास है क्योंकि वह अपनी पुरानी टीम पंजाब के खिलाफ ही यह बड़ा कीर्तिमान हासिल कर सकते हैं. क्या अभिषेक बुधवार को अपने घर में छक्कों की बरसात कर 300 का आंकड़ा छू पाएंगे? हैदराबाद के फैंस को इसी पल का बेसब्री से इंतजार है.
पंजाब किंग्स की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), जेवियर बार्टलेट, यश ठाकुर, मिचेल ओवेन, हरनूर सिंह, मुशीर खान, पायल अविनाश, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, कूपर कोनोली, बेन द्वारशुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद.
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), ईशान मलिंगा, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, सलिल अरोड़ा, प्रफुल हिंगे, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, जैक एडवर्ड्स, ब्रायडन कार्स, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, अनिकेत वर्मा, अमित कुमार, क्रेन्स फुलेट्रा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं