Asansol News: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक बार फिर आगजनी की घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है. सोमवार देर रात आसनसोल नॉर्थ के कोर्ट मोड़ इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वार्ड नंबर 53 की तृणमूल कांग्रेस (TMC) पार्षद मौसमी बोस के ऑफिस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पास ही मौजूद एक बेकरी को भी अपनी चपेट में ले लिया. एक साथ दो जगहों पर आग की लपटें उठती देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग
स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए आग बुझाने की कोशिश शुरू की और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया. गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई.
'हमें नहीं पता आग कैसे लगी'
आग की चपेट में आई दुकान के मालिक हरिकृष्ण बनर्जी ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया, 'हम रात को दुकान बंद करके घर चले गए थे. तभी किसी ने फोन पर बताया कि दुकान धू-धू कर जल रही है. हम भागे-भागे पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की. हमने देखा कि बगल में टीएमसी का ऑफिस भी जल रहा था. आग किन कारणों से लगी, हमें कुछ भी नहीं पता.'
बीजेपी विधायक ने कहा- 'जांच होगी'
घटना की खबर मिलते ही आसनसोल नॉर्थ से बीजेपी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने हालात का जायजा लिया और घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा, 'यह बहुत ही दुखद घटना है. ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए. हम इसकी पूरी जांच करवाएंगे.' इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि बीजेपी इस तरह की हिंसक राजनीति में बिल्कुल भी विश्वास नहीं रखती है.
गरमा रहा है सियासी माहौल
आपको बता दें कि इलाके में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही लगातार टीएमसी दफ्तरों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं. इस ताजा घटना ने इलाके के राजनीतिक माहौल को और भी ज्यादा गरमा दिया है. लोगों में डर और तनाव का माहौल है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. यह आग किसी साजिश का हिस्सा थी या महज एक हादसा, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- बंगाल के संदेशखाली में भड़की हिंसा, बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, देसी बम और हथियार बरामद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं