Sanju Samson, CSK vs DC IPL 2026: अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार की रात संजू सैमसन के नाम रही. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के इस धुरंधर ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ न केवल अपनी टीम को 8 विकेट से एकतरफा जीत दिलाई, बल्कि आईपीएल के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. संजू अब आईपीएल के उन चुनिंदा दिग्गजों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने एक ही सीजन में किसी एक टीम के खिलाफ रनों का पहाड़ खड़ा किया हो.
संजू सैमसन ने कोहली और राहुल के क्लब में मारी एंट्री
संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस सीजन के दो मैचों में कुल 202 रन (115 और 87) ठोक दिए हैं. आईपीएल के 19 सालों के सफर में वह एक सीजन में किसी एक टीम के खिलाफ 200 से ज्यादा रन बनाने वाले महज तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह कारनामा केवल विराट कोहली (बनाम गुजरात लायंस, 2016) और केएल राहुल (बनाम मुंबई इंडियंस, 2022) ही कर पाए थे. उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है.
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (6) और उर्विल पटेल (1) जल्दी पवेलियन लौट गए. 45 रन पर 2 विकेट गिर जाने के बाद ऐसा लगा कि दिल्ली मैच में वापसी करेगी, लेकिन फिर शुरू हुआ संजू सैमसन और कार्तिक शर्मा का तूफान.
संजू ने 52 गेंदों में 87 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 6 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके शामिल रहे. दूसरे छोर पर युवा कार्तिक शर्मा ने संजू का बखूबी साथ निभाया और 31 गेंदों में 41 रन बनाए. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 114 रनों की अटूट साझेदारी ने दिल्ली के गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए और चेन्नई ने 17.3 ओवर में ही मैच जीत लिया.
रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस
इस धमाकेदार जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूती से जिंदा रखा है. 10 मैचों में 5 जीत के साथ सीएसके अब पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं; 10 में से 6 मैच हारने के बाद यह टीम सातवें पायदान पर खिसक गई है.
एक सीजन में किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन
विराट कोहली - 209 रन (बनाम गुजरात लायंस, 2016)
केएल राहुल - 206 रन (बनाम मुंबई इंडियंस, 2022)
संजू सैमसन - 202 रन (बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2026)
क्रिस गेल - 196 रन (बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया, 2013)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं