Abhishek Sharma Latest Fitness Updates T20 World Cup 2026: भारत के आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा का पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा. पेट की तकलीफ से उबरने के बाद वो शुक्रवार को टीम के साथ कोलंबो पहुंच गए, जिससे रविवार को प्रेमदासा स्टेडियम में उनकी वापसी की संभावना मजबूत हो गई है. अभिषेक गुरुवार को नई दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच में नहीं उतर सके थे. आज शाम भारत का नेट सेशन तय है, जिसमें उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा. अंतिम निर्णय लेने से पहले टीम प्रबंधन उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखेगा.
इस बीच पीटीआई के रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले अभिषेक के माता-पिता भी कोलंबो पहुंच गए हैं. उनके पिता राजकुमार शर्मा बचपन से ही उनके मार्गदर्शक और कोच रहे हैं. एशिया कप के दौरान भी वो दुबई में टीम का हौसला बढ़ाने के लिए मौजूद थे.
यदि अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो टीम प्रबंधन संजू सैमसन के साथ ओपनिंग जारी रख सकता है. इसके अलावा, फिट हो चुके वाशिंगटन सुंदर को ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत करने का विकल्प भी मौजूद है.
इससे पहले अभिषेक ने वीडियो में अपनी रिकवरी की झलक साझा की. अर्शदीप द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में अभिषेक से उनकी सेहत, वजन घटने और डाइट को लेकर सवाल किए गए, खासकर पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले उनकी संभावित वापसी पर.
वीडियो में अभिषेक ने बताया था कि वह फिलहाल सख्त डाइट पर हैं और केवल दाल-चावल खा रहे हैं. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनका करीब 2 किलो वजन कम हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं