भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (सात नवंबर 2026) को वेलिंग्टन में खेला जाएगा. अहम मुकाबले से पूर्व देश के पूर्व टेस्ट ओपनर आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि दूसरे वनडे में मोहम्मद सिराज चयन के लिए उपलब्ध होते हैं तो भारतीय प्लेइंग इलेवन में एक या दो बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
49 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा सिराज, आकिब नबी की जगह ले सकते हैं. वहीं बल्लेबाजी में उन्हें बदलाव की गुंजाइश बहुत कम नजर आती है.
उन्होंने कहा, 'नीतीश कुमार रेड्डी इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं. मगर पिछले मुकाबले में भी वह नहीं खेले थे. इसलिए बल्लेबाजी क्रम वही नजर आ सकता है. टीम में एक बदलाव की पूरी संभावना नजर आ रही है. सिराज उपलब्ध हैं. जाहिर तौर पर वह पिछले मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे.'
आकाश ने कहा, 'वह (मोहम्मद सिराज) इंडिया 'ए' का मैच समाप्त करके आए थे. इसलिए वह उपलब्ध नहीं थे. टॉस या मैच की समाप्ति के बाद किसी ने इस बारे में बात नहीं की. अगर वह उपलब्ध होते हैं तो एक या दो बदलाव हो सकता है. एक बदलाव यह हो सकता है कि आकिब नबी बाहर चले जाएं और उनकी जगह पर सिराज को शामिल कर लिया जाए.'
पहले वनडे में नबी को नहीं मिली थी कोई सफलता
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में आकिब नबी को कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी. इस दौरान वह महंगे भी साबित हुए थे. टीम के लिए पहले वनडे में उन्होंने कुल छह ओवरों की गेंदबाजी की थी. जहां उन्होंने 33 रन खर्च कर दिए थे. मुकाबले के दौरान वह इकलौते तेज गेंदबाज थे. जिन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी.
दूसरे संभावित बदलाव पर आकाश का बयान
आकाश चोपड़ा ने बातचीत के दौरान कुलदीप यादव की भी चर्चा की. उनका मानना है कि दूसरे वनडे में उन्हें मौका मिल सकता है. उन्होंने कहा, 'हालांकि, ऐसे हालात में क्या आप चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना चाहेंगे? यह बड़ा सवाल है. भारतीय टीम को इसपर विचार करना होगा. अंशुल कंबोज आपको आठवें नंबर पर बल्लेबाजी का विकल्प प्रदान करते हैं. क्या कुलदीप यादव को नौवें नंबर पर मौका दिया जा सकता है? यही दूसरा बदलाव है जिसके बारे में मैं सोच रहा हूं. मगर गुरनूर बरार ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसे में उन्हें बाहर कैसे बैठाया जा सकता है?'
दूसरे वनडे में अगर भारतीय टीम तीन गेंदबाजों के साथ ही मैदान में उतरती है तो नबी की जगह कुलदीप यादव को भी आजमाया जा सकता है. उन्होंने कहा, 'ऐसा भी हो सकता है. नबी की जगह सिराज के बजाय कुलदीप यादव को मौका मिल जाए. यह भी एक संभावना है. एक बदलाव करीब-करीब तय नजर आता है. नबी बाहर जाएंगे. उनकी जगह कौन आएगा? वह सिराज हो सकते हैं या कुलदीप. टीम को तय करना होगा कि वह किस दिशा में जाना चाहती है.'
यह भी पढ़ें- अनवर-गांगुली ओपनर, नंबर 3 पर द्रविड़ नहीं, जो कभी नहीं जीत पाए वर्ल्ड कप, इंजमाम-उल-हक ने उनकी चुनी ऑल टाइम 11
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं