क्रिकेट की दुनिया में कई ऐसे खिलाड़ी हुए. जिनका मैदान में प्रदर्शन तो काफी अच्छा रहा. मगर वह कभी वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीत पाए. उन्हीं दिग्गज खिलाड़ियों को मिलाकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक ने एक ऑल टाइम प्लेइंग इलेवन बनाई है. आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने कॉलम में उन्होंने ओपनर के तौर पर सईद अनवर के साथ सौरव गांगुली का चुनाव किया है. मध्यक्रम में उन्होंने तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमशः ब्रायन लारा और जैक्स कैलिस को रखा है.
उनका कहना है, 'हेडन और सहवाग जैसे ओपनरों के दुनिया भर में छा जाने से पहले अगर वनडे में किसी सर्वश्रेष्ठ ओपनर का चुनाव करना होता तो वह सईद अनवर ही होते. उनके दौर में बहुत कम बल्लेबाज थे, जो 80 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते थे.'
भारतीय क्रिकेट की प्रगति में इंजमाम के मुताबिक सौरव गांगुली का विशेष योगदान है. इसके अलावा उन्होंने ब्रायन लारा को बाएं हाथ का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया है. उन्होंने कैलिस की तुलना दुनिया के महानतम ऑलराउंडरों में शुमार गैरी सोबर्स के साथ की है.
न्यूजीलैंड के पूर्व स्टार मार्टिन क्रो और भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ को उन्होंने क्रमशः पांचवें और छठे नंबर पर रखा है. इंजमाम की ऑल टाइम वनडे इलेवन में इयान बॉथम सातवें स्थान पर हैं. यहीं नहीं इंजमाम ने विकेट कीपिंग की जिम्मेदारी भी द्रविड़ के कंधों पर रखी है.
क्रो की सराहना करते हुए इंजमाम ने कहा, 'मैंने कई महान बल्लेबाजों को देखा है. मगर मार्टिन की बल्लेबाजी तकनीक उनमें से ज्यादातर से बेहतर थी.'
इंजमाम ने अपनी टीम में एकमात्र मुख्य स्पिनर के तौर पर अनिल कुंबले पर भरोसा जताया है. तेज गेंदबाजी तिकड़ी के रूप में उन्होंने एलन डोनाल्ड, वकार यूनिस और कर्टली एम्ब्रोस को शामिल किया है. इंजमाम के 12वें खिलाड़ी जोंटी रोड्स हैं.
वकार यूनिस के बारे में बात करते हुए इंजमाम ने कहा, 'वह महान गेंदबाज थे. मगर बदकिस्मत रही कि उन्हें 1992 में पीठ की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटना पड़ा. मुझे आज भी याद है. हम जब वर्ल्ड कप जीतकर इस्लामाबाद पहुंचे थे. वकार ट्रक पर मौजूद थे. वह वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा नहीं बन पाने के कारण रो रहे थे.'
वहीं कुंबले की सराहना में उन्होंने कहा, 'वह ऐसे लेग स्पिनर थे जिन्हें रन देना बिल्कुल पसंद नहीं था. अनिल गेंद को बहुत ज्यादा टर्न नहीं कराते थे. मगर अपनी शानदार लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों को सोचने पर मजबूर कर देते थे. वह इकलौते स्पिनर थे जो तेज गेंदबाजों की तरह आक्रामकता दिखाने से नहीं हिचकिचाते थे.'
इंजमाम-उल-हक की वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीत पाने वाली ऑल टाइम प्लेइंग इलेवन
सईद अनवर, सौरव गांगुली, ब्रायन लारा, जैक्स कैलिस, मार्टिन क्रो, राहुल द्रविड़, इयान बॉथम, अनिल कुंबले, एलन डोनाल्ड, वकार यूनिस, कर्टली एम्ब्रोस और जोंटी रोड्स (12वें खिलाड़ी).
यह भी पढ़ें- ड्रग टेस्ट में फंसे ऑस्ट्रेलियाई स्टार क्रिस लिन, कोकीन मिलने पर लगा एक महीने का बैन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं