यशस्वी जायसवाल ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. रेड बॉल में अपने डेब्यू के बाद से ही वह रनों का अंबार लगा रहे हैं, लेकिन 50 ओवर फॉर्मेट में वह टीम में जगह ही नहीं बना पा रहे. जायसवाल ने पिछले साल नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया के लिए अपने करियर का पहला वनडे खेला था. उसके बाद से वह 6 मैचों में 71.25 की औसत से 285 रन बना चुके हैं. फिर भी वह वनडे सेटअप का हिस्सा नहीं हैं. बाएं हाथ के बल्लेबाज को टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने पर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि आखिर वह अब और क्या कर सकते हैं.
रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान किया गया. इसमें जायसवाल का नाम नहीं था, जिन्होंने इस ऐलान से कुछ ही घंटों पहले चेपॉक में अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में शतक जड़ा था. चेन्नई में टीम इंडिया ने मेहमान टीम के खिलाफ क्लीन स्वीप किया था और इस मुकाबले में जायसवाल 110 रन बनाकर नाबाद रहे थे.
भारतीय दल में जगह नहीं मिलने पर आकाश चोपड़ा ने अपने य-ूट्यूब चैनल पर जायसवाल को लेकर कहा,"गिने चुने मैच खेले हैं, दो शतक मार चुके हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरी लगाई थी, अगली सीरीज में ड्रॉप हुए. अफगानिस्तान के सामने सीरीज के आखिरी मैच में शतक लगाया, अगली सीरीज में ड्रॉप. 'और क्या करूं मैं' यह वाला सवाल अपने आप से पूछेंगे जरूर. लेकिन यह ऐसा ही है."
"रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल हैं. ईशान किशन हैं, कीपर भी हैं, मिडिल ऑर्डर बैटर भी हैं, बैकअप कीपर भी हैं, वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो हर जगह फिट हो जाते हैं. ईशान किशन वहां पर हैं, लेकिव यशस्वी का ना हो, उनको लेकर आपको फील करना होगा. वो और क्या ही कर सकते हैं, रन ही बना सकते हैं. रन तो बना रहे हैं, लेकिन नाम उनका फिर भी नहीं आ रहा है." "पिछली जो सीरीज हुई थी, उसमें यशस्वी तभी तो आए थे, जह कोहली चोटिल थे, वरना उनका आने का कोई चांस नहीं था. वह वापस आ चुके हैं, और अगर वो खेलते हैं तो यशस्वी का बाहर होना कंफर्म है."
बता दें, विराट कोहली को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया था. हालांकि, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर था. कोहली को आरसीबी की खिताबी जीत के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी. लेकिन वह समय पर फिट नहीं हो पाए, जिसके बाद सेलेक्टर्स ने जायसवाल को मौका दिया. जायसवाल लखनऊ वनडे में तो फ्लॉप रहे लेकिन चेन्नई में उन्होंने शतक ठोक अपनी दावेदारी पेश की.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप 2027 के लिए BCCI का रोडमैप तैयार, अजीत अगरकर- गौतम गंभीर को जोड़ी को जिम्मा
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: ब्राजील को राहत, ट्रेनिंग में लौटे नेमार, इस मैच से कर सकते हैं वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं