इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के आगाज में अब गिनती के महज कुछ दिन शेष रह गए हैं. प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज हो, उससे पहले देश के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने अपना विचार साझा किया है. उनका मानना है कि आगामी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अच्छा प्रदर्शन करेंगे. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज अभिषेक शर्मा आईपीएल में खबर लिखे जाने तक आठ सीजन खेल चुके हैं. मगर एक भी सीजन में वह 500 रनों के आंकड़े को पार नहीं कर पाए हैं.
अभिषेक ने आईपीएल 2024 में एसआरएच के लिए निभाया था अहम रोल
आईपीएल 2024 में एसआरएच ने शानदार प्रदर्शन किया था. टीम फाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब हुई थी. जिसमें अभिषेक शर्मा का अहम योगदान था. उन्होंने पारी का आगाज करते हुए 32.27 की औसत से 484 रन बनाए थे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 204.22 का रहा था. हालांकि, इस सफलता को वह अगले सीजन में दोहरा नहीं पाए और पिछले सीजन की तरह उनका प्रदर्शन आईपीएल 2025 में नहीं रहा.
आकाश चोपड़ा ने अभिषेक का किया समर्थन
टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट ओपनर आकाश चोपड़ा ने आईपीएल 2026 से पहले अभिषेक शर्मा का समर्थन किया है. उन्होंने प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक पोरेल, नेहल वढेरा और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों की तुलना में अभिषेक शर्मा को ऊपर रखा है.
स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा, 'अब तक उनका प्रदर्शन उतना शानदार नहीं रहा है. जिसे हम शानदार प्रदर्शन के रूप में परिभाषित करें. अगला सीजन उनका शानदार होना चाहिए.'
T20I क्रिकेट में मिले जुले प्रदर्शन के साथ आईपीएल 2026 में उतर रहे हैं अभिषेक
हाल ही में संपन्न हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. यहां उनके बल्ले से क्रिकेट प्रेमियों को मिला जुला प्रदर्शन देखने को मिला था. ऐसे में सबकी नजर उनपर टिकी हुए हैं कि आगामी सीजन में वह क्या करते हैं.
यह भी पढ़ें- IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को मिला नया कोच, जानें कौन हैं वो, कैसा रहा है करियर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं