विज्ञापन

लॉर्ड्स में यादगार शतक से मेलबर्न की ऐतिहासिक जीत तक, रहाणे के करियर की 5 बड़ी उपलब्धियां

Ajinkya Rahane Five Major Achievements: एडिलेड की शर्मनाक हार के बाद रहाणे ने टीम को जिस तरह से एकजुट करते हुए मेलबर्न में जीत दर्ज की थी उसकी तारीफ हर तरफ हुई थी.

लॉर्ड्स में यादगार शतक से मेलबर्न की ऐतिहासिक जीत तक, रहाणे के करियर की 5 बड़ी उपलब्धियां
Ajinkya Rahane Five Major Achievements: 

Ajinkya Rahane Five Major Achievements: भारतीय टीम के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. रहाणे ने अपने करियर में यूं तो कई बड़े मुकाम हासिल किए, लेकिन आइए उनके करियर से जुड़ी आपको पांच सबसे बड़ी उपलब्धियों के बारे में बताते हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 147 रनों की यादगार पारी: साल 2014 में मेलबर्न क्रिकेट गाउंड में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाजों का सामना करते हुए अजिंक्य रहाणे ने 147 रनों की शानदार पारी खेली थी. मिचेल जॉनसन, रयान हैरिस, जोश हेजलवुड और शेन वॉटसन जैसे गेंदबाजों के सामने रहाणे ने डटकर सामना किया था और यादगार शतकीय पारी खेली थी. रहाणे ने विराट कोहली संग मिलकर 262 रनों की साझेदारी निभाई थी, जिसके दम पर भारतीय टीम इस मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफल रही थी.

लॉर्ड्स की यादगार पारी: इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर लहराती हुई गेंदों के खिलाफ रहाणे ने शतकीय पारी खेली थी. रहाणे की यह पारी उस समय आई थी जब भारतीय टीम 145 के स्कोर पर ही 7 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी. हालांकि, रहाणे ने एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 154 गेंदों में 103 रनों की शानदार पारी खेलते हुए भारतीय टीम को 295 के टोटल तक पहुंचाया था. भारतीय टीम इस टेस्ट मैच को 95 रनों से अपने नाम करने में सफल रहा था. रहाणे की यादगार पारी के बूते भारत ने लॉर्ड्स के मैदान पर 28 साल बाद जीत दर्ज की थी.

मेलबर्न की ऐतिहासिक जीत: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 36 रनों पर ऑलआउट होने और शर्मनाक हार झेलने के बाद भारतीय टीम का मनोबल पूरी तरह से टूटा हुआ था. नियमित कप्तान विराट कोहली इस हार के बाद अपने बच्चे के जन्म की वजह से स्वदेश लौट गए थे. सीरीज के बाकी मैचों के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी अजिंक्य रहाणे के हाथों में थी. मेलबर्न के मैदान पर सीरीज के दूसरे टेस्ट में रहाणे ने न सिर्फ बेहतरीन कप्तानी की थी, जबकि बल्ले से भी 112 रनों की शानदार पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

एडिलेड की शर्मनाक हार के बाद रहाणे ने टीम को जिस तरह से एकजुट करते हुए मेलबर्न में जीत दर्ज की थी उसकी तारीफ हर तरफ हुई थी. रहाणे की कप्तानी इस पूरी सीरीज में बेहद प्रभावशाली रही थी और भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था. यह सीरीज भारत की सबसे ऐतिहासिक जीतों में से एक मानी जाती है.

दोनों पारियों में शतक का रिकॉर्ड: साल 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच की दोनों ही पारियों में शतक लगाकर रहाणे ने भारतीय टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. पहली पारी में रहाणे की 127 रनों की लाजवाब पारी के बूते टीम इंडिया 334 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही थी. वहीं, दूसरी पारी में रहाणे 100 रन बनाकर नाबाद रहे थे. रहाणे नंबर पांच या उससे नीचे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए दोनों ही पारियों में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं.

कप्तानी में नहीं हारे कोई टेस्ट: बतौर कप्तान अजिंक्य रहाणे का रिकॉर्ड जबरदस्त रहा. उन्होंने भारतीय टीम की टेस्ट में छह मुकाबलों में कप्तानी की. इनमें से 4 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे. रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम ने एक भी मैच में हार का सामना नहीं किया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Ajinkya Madhukar Rahane
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com