विज्ञापन

दिल्ली में रफ्तार का कहर, कार ने बाइक को हवा में उड़ाया, वीडियो देख जाएंगे सहम

दिल्ली के अलीपुर में तेज रफ्तार कार और बाइक की भीषण टक्कर CCTV में कैद हुई. कार पेड़ पर अटक गई, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. (एनडीटीवी के लिए प्रभाकर राणा की रिपोर्ट)

दिल्ली में रफ्तार का कहर, कार ने बाइक को हवा में उड़ाया, वीडियो देख जाएंगे सहम
सीसीटीवी में हादसा कैद
  • दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके में तेज रफ्तार टैक्सी ने बाइक सवार को टक्कर मारी जिससे गंभीर घायल हुआ
  • हादसे का सीसीटीवी फुटेज दर्शाता है कि कार टक्कर के बाद हवा में उछलकर पेड़ से लटक गई
  • स्थानीय लोगों ने घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया
नई दिल्ली:

दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है, जहां बीती रात तेज रफ्तार टैक्सी कार ने बाइक सवार को टक्कर मारकर हवा में उड़ा दिया. ये खतरनाक हादसा CCTV में हो गया. CCTV का जो वीडियो सामने आया है, उसमें ऐसा लग रहा है कि जैसे किसी सड़क पर कोई रियल एक्सीडेंट नहीं बल्कि कोई फिल्मी सीन फिल्माया गया हो. हादसे में बाईक सवार बुरी तरह घायल है.

रफ्तार का कहर: सेकंडों में तबाही

खतरनाक एक्सीडेंट की ये तस्वीरें कोई फिल्मी स्टंट नहीं, बल्कि देश की राजधानी के अलीपुर थाना अंतर्गत बख्तावरपुर गांव की हैं, जहां रफ्तार का कहर इस कदर टूटा कि कुछ ही सेकंड में सब कुछ तबाह हो गया. तेज रफ्तार टैक्सी (हुंडई ऑरा) ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. CCTV फुटेज में साफ दिखता है कि टक्कर के बाद कार हवा में उछलती है और सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ पर जाकर लटक जाती है.

ये भी पढ़ें : दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर, बदल गए इन स्टेशन के नाम

एक्शन जैसा मंजर, हकीकत में लापरवाही का अंजाम

यह मंजर किसी एक्शन फिल्म के सीन जैसा दिखता है, लेकिन हकीकत में यह रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक अंजाम है. जानकारी के मुताबिक कार अलीपुर के पल्ला गांव की तरफ से बख्तावरपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान अकबरपुर माजरा का रहने वाला एक युवक बाइक से घर लौट रहा था. गढ़ी टांडा के कब्रिस्तान के सामने अचानक कार का बैलेंस बिगड़ा, वह रॉन्ग साइड पर चली गई और सीधे बाइक सवार से टकरा गई. टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जाकर गिरा.

स्थानीय मदद और पुलिस की कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि बाइक सवार की हालत गंभीर बनी हुई है, वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पेड़ पर अटकी कार को नीचे उतारकर कब्जे में लेकर थाने भेज दिया.

नशा, नींद या लापरवाही?

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि कार चालक नशे में था, नींद में, या किसी अन्य वजह से यह भयानक हादसा हुआ. अलीपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज व कार नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश जारी है.

बड़े सवाल फिर से

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है: लापरवाही और तेज़ रफ्तार पर लगाम कब लगेगी? कब तक नशे, तेज़ रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़कों पर मौत का तांडव होता रहेगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Road Accident, Alipur Crash, Car Bike Collision, High-speed Accident, Hyundai Aura
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com