विज्ञापन
This Article is From Apr 18, 2017

कैमरे में कैद दर्दनाक हादसा : कार ने 5 को रौंदा, बच्ची और मां की मौत

  • डिवाइडर पर खड़े होकर ट्रैफिक रुकने का इंतजार कर रहे थे 5 लोग
  • बेकाबू कार जोरदार टक्कर मारते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई
  • बच्ची की मौके पर ही मौत, मां ने 24 घंटे बाद तोड़ दिया दम
पुणे: पुणे में एक दर्दनाक हादसे में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार करने के लिए इंतजार कर रहे दो बच्चों समेत पांच लोगों को कुचल दिया. इस भीषण दुर्घटना की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हुई हैं. कार ने इन लोगों को इतनी जोर की टक्कर मारी कि उनमें से दो लोग 30 फीट दूर जाकर गिरे. दो अन्य लोग वाहन के नीचे घिसटते चले गए. 3 साल की ईशा विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. उसकी मां पूजा विश्वकर्मा ने भी करीब 24 घंटे तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद मंगलवार को दम तोड़ दिया. कार चला रही महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह हादसा सोमवार करीब 2:45 पर हुआ.

सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि पूजा विश्वकर्मा अपनी बेटी ईशा को गोद में लिए हुए डिवाइडर पर खड़ी होकर ट्रैफिक रुकने का इंतजार कर रही है. तीन अन्य लोग उसके पास खड़े हैं. उन लोगों की पहचान साजिद शेख, उनकी बहन निशा और उनके 4 साल के भांजे सईद अली के रूप में की गई. साजिद शेख अपने साथ भारी बैग लिए हुए थे.

जब ये सभी लोग सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे, तब अधिकतर गाड़ियां धीमी हो गईं, लेकिन तभी ग्रे कलर का वाहन तेजी से आया और डिवाइडर पर चढ़ गया. धुएं के गुबार के बीच डिवाइडर टूट गया और सभी लोग हवा में उछलते नजर आए. कार ने एक तरफ झटका खाया, फिर डिवाइडर के एक खंभे से जा टकराई और आखिरकार 15 फीट दूर जाकर रुक गई. पूजा विश्वकर्मा बीच सड़क पर गिरी हुई थी. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों का कहना है कि वे सभी अपनी जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.

कार चला रही महिला सुजाता श्रॉफ को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने कहा कि सुजाता ने बताया कि उसे अचानक झपकी लग गई और कार से उसने नियंत्रण खो दिया था.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Accident, Car Accident CCTV Footage, Car Mows Down 5
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com