विज्ञापन
This Article is From Dec 08, 2015

चेन्नई : बाढ़ नहीं, मुख्य अतिथि के न आने के कारण रद्द हुईं 9 शादियां

चेन्नई : बाढ़ नहीं, मुख्य अतिथि के न आने के कारण रद्द हुईं 9 शादियां
चेन्नई: रविवार को चेन्नई में आयोजित होने वाली एक शादी अंतिम क्षणों में रद्द कर दी गई। बता दें पिछले दिनों आई बाढ़ इस शादी के रद्द होने का प्रमुख कारण नहीं थी और न ही शादी में कोई पारिवारिक अड़चन थी। शादी रद्द होने का कारण बनीं एक मेहमान। शादी समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री जयललिता नहीं पहुंच पाईं, इसलिए शादी को रद्द कर दिया गया।

तमिलनाडु के पर्यटन मंत्री एसपी शंमुगनाथ की बेटी तमिझारसी की रविवार दोपहर को पीएस नितिन के साथ शादी होने वाली थी। वर-वधु दोनों डॉक्टर हैं। करीब डेढ़ साल पहले दोनों की सगाई हो गई थी। पार्टी प्रमुख जयललिता जेल में थी तो शादी जैसा समारोह करने का सवाल ही नहीं उठता था। काफी बातचीत के बाद आखिरकार रोयापेट्टा के वाईएमसीए ग्राउंड में रविवार को शादी की तारीख रखी गई। इसके बाद होटल में लंच रिसेप्शन तय था।

मुख्यमंत्री जयललिता इस शादी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहने वाली थीं। यहां तक कि मुख्यमंत्री जयललिता (अम्मा) की उपस्थिति में इस मौके पर 9 शादियां एक साथ होनी थीं। पिछले दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद चेन्नई में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य के बीच मुख्यमंत्री के लिए शादी समारोह में आना और नए वर-वधु को आशीर्वाद देना लगभग नामुमकिन था।

इसके बाद सभी 9 शादियों को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। मुख्यमंत्री के दफ्तर से फिलहाल संभावित तारीख जनवरी में दी जा रही है। लेकिन परिवार और खासकर दूल्हा-दुल्हन जल्द शादी होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। एक पारिवारिक दोस्त ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा, आप तो जानते ही हैं ये शादियां कैसे होती हैं। यहां शादियों की तारीख दूल्हे या दुल्हन की अम्मा नहीं बल्कि अम्मा (जयललिता) के कहने पर तय होती है।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
चेन्नई, बाढ़, शादी, मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री जयललिता, Chennai, Jayalalithaa, AIADMK, Wedding, Flood, Marriage
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com