West Bengal Economy to Boost in Upcoming Years: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की आहट के साथ ही राज्य के आर्थिक भविष्य को लेकर नई उम्मीदें जगने लगी हैं. ममता बनर्जी की सरकार का अवसान हो रहा है और BJP का उदय हो चुका है. जैसा कि BJP लंबे समय से आरोप लगाती आ रही है कि केंद्र सरकार से राजनीतिक टकराव के चलते राज्य की ममता बनर्जी सरकार ने कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाएं राज्य में लागू नहीं कीं, जबकि कई केंद्रीय योजनाओं की रफ्तार धीमी रही. अब जानकारों का मानना है कि केंद्र की इन योजनाओं के पूरी तरह लागू होने से न केवल आम आदमी को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि यह बंगाल की इकोनॉमी के लिए 'बूस्टर डोज' साबित होगा.
ममता सरकार का अड़ियल रुख और योजनाओं पर 'ब्रेक'
ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार पर यह आरोप रहा है कि राजनीतिक मतभेदों के कारण उसने केंद्र की कई योजनाओं को राज्य में प्रवेश नहीं करने दिया. आयुष्मान भारत की जगह राज्य ने 'स्वास्थ्य साथी' को प्राथमिकता दी, वहीं पीएम फसल बीमा योजना से बाहर रहने का विकल्प चुना. इसके अलावा, पीएम श्री स्कूल, पीएम विश्वकर्मा और उत्तर बंगाल के चाय श्रमिकों के लिए बनी योजनाओं को भी राज्य में अनुमति नहीं मिली. बीजेपी का आरोप है कि इस 'बाधा' की वजह से राज्य का गरीब तबका बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा है.

इकोनॉमी में आएगा उछाल: एक्सपर्ट्स का नजरिया
जब केंद्र की ये योजनाएं बंगाल के जन-जन तक पहुंचेंगी, तो इसका राज्य की अर्थव्यवस्था पर व्यापक असर पड़ेगा. इसे 2 मुख्य बिंदुओं में समझा जा सकता है.
1. आम लोगों की बचत और खर्च करने की क्षमता (Disposable Income)
- आयुष्मान भारत: इस योजना के तहत गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है. जब परिवार का स्वास्थ्य पर होने वाला मोटा खर्च बचेगा, तो वही पैसा लोग अन्य जरूरी सामानों (शिक्षा, पोषण, कपड़े) पर खर्च कर पाएंगे.
- PM आवास और उज्ज्वला: पक्के घर और मुफ्त गैस कनेक्शन मिलने से गरीब परिवारों की बचत बढ़ती है. जब बुनियादी जरूरतें केंद्र की योजनाओं से पूरी होंगी, तो लोगों की 'परचेजिंग पावर' बढ़ेगी.
2. कंजम्पशन बढ़ेगा, तो दौड़ेगी इकोनॉमी
जब राज्य के करोड़ों लोगों के पास खर्च करने के लिए अतिरिक्त पैसा होगा, तो बाजार में मांग (Demand) बढ़ेगी.
- ग्रामीण अर्थव्यवस्था: पीएम फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि से किसानों की आय सुरक्षित होगी.
- पीएम विश्वकर्मा योजना: स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कारीगरों को मिलने वाला लोन और प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों को खड़ा करेगा.
बाजार में मांग बढ़ने से उत्पादन बढ़ेगा, जिससे राज्य के आर्थिक विकास (GDP) को नई गति मिलेगी.
सोशल सिक्योरिटी का मजबूत ढांचा
बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में इन योजनाओं के साथ-साथ महिलाओं को 3,000 रुपये मासिक सहायता और नौकरियों में 33% आरक्षण का भी वादा किया है. यदि ये केंद्रीय योजनाएं और राज्य के नए वादे एक साथ जमीन पर उतरते हैं, तो पश्चिम बंगाल में सामाजिक सुरक्षा का एक ऐसा ढांचा तैयार होगा जो आने वाले समय में राज्य को निवेश के लिए एक आकर्षक केंद्र बना सकता है.
केंद्र की योजनाओं का बंगाल में लागू होना केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि एक आर्थिक क्रांति की शुरुआत हो सकती है, जहाँ पैसा सीधे गरीब की जेब से निकलकर बाजार की तरलता (Liquidity) बढ़ा सकता है.
ये भी पढ़ें: Suvendu Adhikari Net Worth: सादा जीवन, न कार-बाइक, न ज्वैलरी... बंगाल के BJP लीडर शुभेंदु अधिकारी कितने अमीर हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं