अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की तैयारी की खबरों ने भारतीय कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का कहना है कि अगर अमेरिका यह कदम उठाता है तो भारत के टेक्सटाइल, लेदर, जेम्स एंड ज्वेलरी, ऑटो कंपोनेंट, केमिकल, फार्मा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कई बड़े सेक्टरों पर बुरा असर पड़ सकता है. इससे देश में करीब 5 लाख लोगों के रोजगार पर संकट पैदा हो सकता है. संगठन के मुताबिक, इससे 48 अरब डॉलर से ज्यादा का भारतीय निर्यात प्रभावित होने की आशंका है.
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सरकार से जरूरी कदम उठाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका भारतीय सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाता है तो भारत को भी अमेरिका से आने वाले सामान पर इतना ही जवाबी टैरिफ लगाना चाहिए. साथ ही भारतीय निर्यात के लिए दूसरे देशों के बाजार तलाशने पर जोर दिया है.
अमेरिकी बाजार में महंगा हो जाएगा भारतीय सामान
बृजेश गोयल के मुताबिक, अमेरिकी टैरिफ बढ़ने से भारतीय उत्पाद दूसरे देशों के मुकाबले वहां महंगे हो जाएंगे. इससे अमेरिकी खरीदार भारत से सामान खरीदने के बजाय दूसरे देशों के निर्यातकों को प्राथमिकता दे सकते हैं. इसका सीधा असर भारतीय कंपनियों के कारोबार और रोजगार पर पड़ेगा. सीटीआई के महासचिव रमेश आहूजा और गुरमीत अरोड़ा तथा उपाध्यक्ष राहुल अदलखा के मुताबिक, भारत अमेरिका को बड़ी मात्रा में फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट, कपड़ा, रत्न और आभूषण, ऑटो कंपोनेंट, केमिकल और सीफूड का निर्यात करता है. ऐसे में टैरिफ बढ़ने से इन क्षेत्रों के कारोबार पर दबाव बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें | अमेरिका का नया टैरिफ बम, भारत पर 25% तक टैक्स का प्रस्ताव, चीन पर सबसे बड़ा प्रहार
100 डॉलर का सामान अब 125 डॉलर का पड़ेगा
सीटीआई ने टैरिफ बढ़ने के असर को समझाते हुए बताया कि अगर किसी भारतीय प्रोडक्ट की कीमत 100 डॉलर है और उस पर पहले 10 फीसदी टैरिफ लगता था, तो अमेरिकी बाजार में उसकी कीमत 110 डॉलर पड़ती थी. लेकिन 25 फीसदी टैरिफ लगने के बाद यही सामान 125 डॉलर का हो जाएगा. इससे भारतीय प्रोडक्ट की कॉम्पिटिशन प्रभावित हो सकती है. संगठन के मुताबिक, भारत ने 2024 में अमेरिका को करीब 1.7 लाख करोड़ रुपये के इंजीनियरिंग सामान का निर्यात किया था. इसमें स्टील, मशीनरी और ऑटोमोबाइल के पुर्जे शामिल हैं. टैरिफ बढ़ने से इन प्रोडक्ट के निर्यात में 20 से 25 फीसदी तक गिरावट आने की आशंका जताई गई है.
टेक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वेलरी और फार्मा पर भी असर
सीटीआई के मुताबिक, भारत ने पिछले साल अमेरिका को करीब 90 हजार करोड़ रुपये के रत्न और आभूषण का निर्यात किया था. वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का निर्यात करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये और दवाइयों का निर्यात करीब 92 हजार करोड़ रुपये रहा था. संगठन का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स पर पहले बहुत कम टैरिफ लगता था, जबकि दवाइयों पर जीरो टैरिफ था. अब अगर इन प्रोडक्ट्स पर भी 25 फीसदी टैरिफ लगाया जाता है तो भारतीय कंपनियों के लिए अमेरिकी बाजार में कारोबार करना महंगा हो जाएगा. कारोबारियों की एक और चिंता उन कंपनियों को लेकर है, जो पहले ही अमेरिकी खरीदारों से ऑर्डर ले चुकी हैं या जिनका माल रास्ते में है. टैरिफ लागू होने की स्थिति में ऐसे ऑर्डर की लागत और कीमत पर भी असर पड़ सकता है.
भारत भी लगाए 25% जवाबी टैरिफ: CTI
बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा है कि भारत को अमेरिकी टैरिफ की आशंका से घबराने के बजाय अपने ट्रेड हितों की रक्षा के लिए कदम उठाने चाहिए. उन्होंने मांग की है कि अगर अमेरिका भारतीय प्रोडक्ट्स पर 25 फीसदी टैरिफ लगाता है तो भारत भी अमेरिका से आयात होने वाले सामान पर इतना ही जवाबी टैरिफ लगाए. उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका से मिनरल्स, महंगे रत्न, आभूषण, मेटल्स, न्यूक्लियर रिएक्टर, विमान के उपकरण, इलेक्ट्रिकल और ऑप्टिकल उपकरण, प्लास्टिक, केमिकल, ड्राई फ्रूट्स, आयरन और स्टील समेत कई प्रोडक्ट आयात करता है. भारत को इन प्रोडक्ट्स के लिए दूसरे देशों के ऑप्शन तलाशने चाहिए, ताकि अमेरिका पर निर्भरता कम की जा सके. इसके अलावा सीटीआई ने जर्मनी, ब्रिटेन, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में इंजीनियरिंग सामान की बढ़ती मांग को देखते हुए इन बाजारों में भारतीय निर्यात बढ़ाने की रणनीति बनाने की भी मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं