विज्ञापन

Stock Market Today: चुनाव नतीजों के जोश में झूम उठा शेयर बाजार, सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24,200 के पार

Stock Market Today On Election Results Day: देश में चुनाव नतीजों से ठीक पहले शेयर बाजार में आज जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है. निवेशक पॉजिटिव मूड में नजर आ रहे हैं और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मजबूत बढ़त के साथ खुले.

Stock Market Today: चुनाव नतीजों के जोश में झूम उठा शेयर बाजार, सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24,200 के पार
Election Results 2026 Impact on Stock Market: आज 4 मई को भारतीय शेयर बाजार में चौतरफा हरियाली देखने को मिल रही है.

आज 4 मई को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों (Election Results 2026) की गहमागहमी के बीच शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रहा है. जैसे ही सुबह बाजार खुला, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान पर ट्रेड करते नजर आए. निवेशक चुनावी नतीजों को लेकर काफी पॉजिटिव हैं. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (BSE Sensex) 583.91 अंकों की बढ़त के साथ 77,497.41 के स्तर पर खुला, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NIFTY 50) भी 208.20 अंकों की तेजी दिखाकर 24,205.75 पर था.

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में चौतरफा खरीदारी का जबरदस्त माहौल रहा, जिसके चलते बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में 1% से ज्यादा की बढ़त आई. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,000 अंक या 1.3% की भारी बढ़त के साथ 77,911 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 50 ने 1.2% की मजबूती दिखाते हुए 24,290 का लेवल छुआ. 

निवेशकों की संपत्ति में ₹6 लाख करोड़ का इजाफा

निफ्टी मिडकैप 150 और स्मॉलकैप 250 में भी 1-1% से ज्यादा का उछाल देखा गया. इस शानदार रैली के कारण निवेशकों की संपत्ति में एक ही सत्र में लगभग ₹6 लाख करोड़ का इजाफा हुआ, जिससे बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹463 लाख करोड़ से बढ़कर ₹469 लाख करोड़ के पार पहुंच गया. पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के रुझान जैसे-जैसे साफ होंगे, बाजार  में हलचल और तेज होने की उम्मीद है.

रियल्टी और आईटी शेयरों में बंपर तेजी

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो शुरुआती कारोबार में रियल्टी और आईटी शेयरों में खरीदारी देखी गई.निफ्टी रियल्टी और निफ्टी आईटी टॉप गेनर था. निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी मेटल, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी फार्मा के साथ करीब सभी इंडेक्स हरे निशान में थे.

अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स में शामिल

सेंसेक्स पर लिस्टेड शेयरों में मारुति सुजुकी, अदाणी पोर्ट्स, एचयूएल, एलएंडटी, एमएंडएम, इंडिगो, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, एसबीआई, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, इन्फोसिस, सन फार्मा, टाइटन और टेक महिंद्रा गेनर्स थे. जबकि कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, इटरनल, एचसीएल टेक, आईटीसी, बीईएल और भारती एयरटेल लूजर्स थे.

भारतीय बाजार की इस तेजी के पीछे कई वजहें हैं....

ग्लोबल मार्केट का सपोर्ट

एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिला. हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 1.4% चढ़ा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 थोड़ा फिसल गया. जापान और चीन के बाजार ‘गोल्डन वीक' की छुट्टियों के चलते बंद रहे. वहीं साउथ कोरिया का कोस्पी 3.8% और ताइवान का टाइएक्स 4.2% उछल गया.

अमेरिकी बाजारों ने नया रिकॉर्ड बनाया, जिसका असर एशिया और भारत पर भी दिख रहा है. S&P 500 अपने ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा, जबकि नैस्डैक और अन्य इंडेक्स में भी मजबूती रही. 

तेल की कीमतों मे ठहराव

मिडिल ईस्ट में शांति वार्ता की उम्मीदों के बीच कच्चे तेल की की कीमतें फिलहाल स्थिर हैं. अमेरिकी क्रूड करीब 101.74 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 108.19 डॉलर के आसपास है. हालांकि ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट में तनाव के कारण आगे अनिश्चितता बनी हुई है.

अप्रैल में सेंसेक्स ने 5.17% और निफ्टी ने 5.81% का दिया रिटर्न

अप्रैल 2026 में भारतीय बाजार में उतार-चढ़ाव जरूर रहा, लेकिन पूरे महीने का प्रदर्शन मजबूत रहा. सेंसेक्स ने 5.17% और निफ्टी ने 5.81% का रिटर्न दिया, जो दिसंबर 2023 के बाद सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा.अप्रैल में सिर्फ बड़ी कंपनियां ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जबरदस्त उछाल आया. स्मॉलकैप इंडेक्स में करीब 20% और मिडकैप इंडेक्स में लगभग 14% जोरदार तेजी देखने को मिली. वहीं, भारतीय शेयर बाजार का कुल मार्केट कैप अप्रैल में करीब 51 ट्रिलियन रुपये बढ़कर 463.3 ट्रिलियन रुपये पहुंच गया. यह अब तक की सबसे बड़ी मासिक बढ़ोतरी मानी जा रही है.

निवेशकों की नजर अब पूरी तरह से पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के अंतिम आंकड़ों  पर टिकी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com