- 3 अगस्त को दतिया में होगी मतगणना, स्ट्रांग रूम में EVM और 24 घंटे CCTV निगरानी.
- लैपटॉप के साथ 2 लोग मिले, कांग्रेस ने किया विरोध.
- डिप्टी कलेक्टर ने लैपटॉप हटवाने के दिए आदेश.
Datia Assembly Seath By-Poll 2026: दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव का मतदान संपन्न हो चुका है और अब 3 अगस्त को मतगणना होनी है. मतगणना दतिया के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी, जहां मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनें कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं. मशीनों की 24 घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बाहर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव फुटेज दिखाई जा रही है. विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी लगातार निगरानी कर रहे हैं.
शनिवार को स्ट्रांग रूम परिसर के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब निगरानी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो व्यक्तियों को लैपटॉप के साथ संदिग्ध स्थिति में देखा. कांग्रेस का आरोप है कि धर्मेंद्र धाकड़ नाम का एक व्यक्ति लैपटॉप संचालित कर रहा था, जबकि दिल्ली की एक आईटी कंपनी से जुड़े बताए जा रहे दूसरे युवक के बैग में भी एक लैपटॉप मिला.
मौके पर पहुंचे कांग्रेसी
इसकी सूचना तत्काल कांग्रेस प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों को दी गई, जिसके बाद वे स्ट्रांग रूम स्थल पर पहुंचे और जिला प्रशासन के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराई. कांग्रेस ने आशंका जताई कि ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा पूरे मामले की जांच की जाए.
कांग्रेस की आपत्ति के बाद मौके पर पहुंचे डिप्टी कलेक्टर संतोष तिवारी ने दोनों व्यक्तियों के लैपटॉप मतगणना परिसर से हटवाने के निर्देश दिए. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई.
हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार की ईवीएम से छेड़छाड़ या हैकिंग की पुष्टि नहीं की गई है. प्रशासन का कहना है कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार की जा रही है और ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें- दतिया कांग्रेस में 'बगावत' : घनश्याम बोले- राजेंद्र भारती ने भितरघात किया , भारती का पलटवार- आप BJP के आदमी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं