विज्ञापन

आज बम-बम करेगा शेयर बाजार? युद्ध खत्म होने के ऐलान के बाद मिल रहे हरियाली के संकेत, GIFT Nifty भी उछला

Stock Market Today 15 June: अमेरिका-ईरान डील और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने से ग्लोबल मार्केट में राहत. ट्रंप के बड़े ऐलान के बाद क्रूड ऑयल धड़ाम. क्या आज भारतीय शेयर बाजार में दिखेगी चौतरफा खरीदारी? जानिए भारतीय शेयर बाजार के लिए क्या हैं संकेत...

आज बम-बम करेगा शेयर बाजार? युद्ध खत्म होने के ऐलान के बाद मिल रहे हरियाली के संकेत, GIFT Nifty भी उछला
Stock Market News Today June 15: अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद क्या आज निफ्टी छुएगा नया रिकॉर्ड?
  • अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म होने की घोषणा से वैश्विक बाजारों में राहत और सकारात्मक माहौल बना है.
  • GIFT Nifty 23,880 के स्तर पर कारोबार कर रहा है जो भारतीय बाजार की मजबूत शुरुआत का संकेत देता है.
  • अमेरिका-ईरान समझौते के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है जिससे बाजारों को राहत मिली है.

Stock Market Today Opening: क्या आज भारतीय शेयर बाजार में जोरदार खरीदारी देखने को मिल सकती है? अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म होने की घोषणा के बाद दुनिया भर के बाजारों में राहत का माहौल है. कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है, जिससे एशियाई बाजारों में तेजी दिख रही है और GIFT Nifty भी मजबूत शुरुआत के संकेत दे रहा है. ऐसे में निवेशकों की नजर आज भारतीय बाजार के ओपनिंग पर टिकी हुई है.

GIFT Nifty दे रहा मजबूत शुरुआत का संकेत

भारतीय बाजार खुलने से पहले GIFT Nifty 23,880 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. इसे Nifty 50 की शुरुआती दिशा का अहम इंडिकेटर माना जाता है.मार्केट एक्सपर्ट्स पहले ही कह चुके हैं कि अगर अमेरिका-ईरान समझौता आगे बढ़ता है तो बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिल सकती है. ऐसे में आज निवेशकों का मूड पॉजिटल रहने की उम्मीद जताई जा रही है.

युद्ध खत्म होने की खबर से एशियाई बाजारों में जोश

अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की खबर के बाद एशियाई शेयर बाजारों में तेज खरीदारी देखने को मिली. जापान का निक्केई इंडेक्स 4.68 फीसदी बढ़कर 69,108.03 पर पहुंच गया. वहीं दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.64 फीसदी की तेजी के साथ 8,581.47 पर कारोबार करता दिखा.

ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 इंडेक्स 1.44 फीसदी चढ़कर 8,930.6 पर पहुंच गया. न्यूजीलैंड का NZX 50 0.28 फीसदी बढ़कर 13,431.14 और सिंगापुर का STI 0.76 फीसदी की मजबूती के साथ 5,025.8 पर कारोबार करता दिखा.

ट्रंप के ऐलान के बाद तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट

ग्लोबल मार्केट में सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की कीमतों पर देखने को मिला. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार देर रात सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो चुका है.  इस खबर के बाद जुलाई डिलीवरी वाले WTI क्रूड फ्यूचर्स 4.77 फीसदी गिरकर 80.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए.वहीं अगस्त डिलीवरी वाला ब्रेंट क्रूड करीब 4 फीसदी टूटकर 83.77 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा. ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया.

होर्मुज खुलने से क्यों खुश हैं बाजार?

अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की बात कही गई है.यह दुनिया के सबसे अहम तेल रूट में से एक है. ग्लोबल ऑयल सप्लाई का बड़ा हिस्सा यही से होकर गुजरता है. इसके खुलने से ऑयल सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है, जिससे बाजारों को राहत मिली है.

एशिया से लेकर वॉल स्ट्रीट तक दिखा पॉजिटव असर

युद्ध खत्म होने की खबर के बाद केवल एशियाई बाजार ही नहीं, बल्कि अमेरिकी बाजारों के फ्यूचर्स में भी तेजी देखने को मिली.S&P 500 फ्यूचर करीब 1 फीसदी ऊपर रहा, जबकि डॉव जोन्स फ्यूचर में 0.8 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई.

सोमवार को टोक्यो का निक्केई 225 शुरुआती कारोबार में 5.1 फीसदी चढ़कर 69,367.06 पर पहुंच गया. वहीं सियोल का कोस्पी 5.6 फीसदी उछल गया.ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स 1.4 फीसदी बढ़ा, जबकि ताइवान का Taiex 2.6 फीसदी मजबूत हुआ.

पिछले हफ्ते भारतीय बाजार ने की दमदार वापसी

बीता सप्ताह भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन आखिर में बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ.सेंसेक्स 1,284.61 अंक यानी 1.73 फीसदी की बढ़त के साथ 75,527.95 पर बंद हुआ.वहीं निफ्टी 256.20 अंक यानी 1.10 फीसदी मजबूत होकर 23,622.90 के स्तर पर पहुंच गया. शुक्रवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी. NSE Nifty 50 करीब 1.99 फीसदी उछलकर 23,622.90 पर बंद हुआ था. वहीं BSE Sensex 2.30 फीसदी बढ़कर 75,527.95 पर पहुंच गया था.

टॉप-10 कंपनियों का मार्केट कैप 1.90 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

घरेलू बाजार में आई मजबूती का असर देश की बड़ी कंपनियों पर भी दिखा.बीते सप्ताह शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 1.90 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. यह बढ़त बाजार में लौटे सकारात्मक माहौल और निवेशकों की खरीदारी का संकेत मानी जा रही है.

आज बाजार पर रहेगी इन संकेतों की नजर

आज निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका-ईरान समझौते से जुड़ी आगे की खबरों पर रहेगी. फिलहाल वैश्विक संकेत पॉजिटिव नजर आ रहे हैं. तेल की कीमतों में गिरावट, एशियाई बाजारों की तेजी और युद्ध खत्म होने की खबर से भारतीय शेयर बाजार में हरियाली छा सकती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stock Market Today, Share Market News, Stock Market News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com