विज्ञापन

शेयर बाजार में 440 वोल्‍ट की तेजी, 75200 के पार पहुंचा सेंसेक्‍स, निफ्टी भी 100 अंक उछला, रुपये का हाल जानिए

Share Market 1 June Update: आज सोमवार को बाजार खुलते ही सेसेंक्‍स और निफ्टी दोनों में तेजी देखी गई. BSE सेंसेक्‍स एक समय 75,000 के पार चला गया, जो बाद में थोड़ा नीचे आ गया. निफ्टी में भी उछाल देखा गया. पूरी अपडेट जानिए.

शेयर बाजार में 440 वोल्‍ट की तेजी, 75200 के पार पहुंचा सेंसेक्‍स, निफ्टी भी 100 अंक उछला, रुपये का हाल जानिए
Stock Market Today: आज कैसी है शेयर मार्केट की चाल?
फाइल फोटो

Stock Market Opening: ग्‍लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेतों के बीच आज 1 जून, सोमवार को शेयर मार्केट की अच्‍छी शुरुआत हुई. प्री-ओपन में ग्रीन सिग्‍नल दिखाने के बाद बाजार तेजी के साथ खुले. प्री ओपन में सेंसेक्‍स में करीब 440 अंकों की तेजी देखी गई, जबकि निफ्टी भी 100 अंक के करीब उछला. सुबह 9:15 बजे मार्केट खुलने पर BSE सेंसेक्‍स 421 अंकों की तेजी के साथ 75,200 के पार पहुंच गया. वहीं NSE निफ्टी 103 अंकों के उछाल के साथ 23,660 के पार पहुंच गया. हालांकि कुछ ही देर में कांटा थोड़ा नीचे सरक गया. 

अच्‍छी बात ये रही कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और जियो-पॉलिटिकल टेंशन के बावजूद, महीने के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई. हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपये में आज फिर कमजोरी देखी गई.  शुरुआती ट्रेड में रुपया डॉलर के मुकाबले 9 पैसे की गिरावट के साथ 94.94 के लेवल पर पहुंच गया. 

सुबह 9:30 बजे NSE निफ्टी 0.21%  या 50.25 अंकों की तेजी के साथ 23,654 के लेवल पर कारोबार करता दिखा. वहीं BSE सेंसेक्स  शुरुआती बढ़त में से आधा हिस्‍सा गंवाते हुए 75,000 के नीचे आ गया. सुबह 9:33 बजे सेंसेक्‍स 0.28% या 213 अंकों की तेजी के साथ 74,988.79 के लेवल पर कारोबार करता दिखा. 

आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा बढ़त

बाजार में ज्यादातर सेक्टर्स का रुख सकारात्मक रहा, जिसका नेतृत्व आईटी (IT) शेयरों ने किया. 'निफ्टी आईटी' सबसे ज्यादा करीब 2 फीसदी मजबूत हुआ, जबकि 'निफ्टी मिडस्मॉल आईटी और टेलीकॉम' में 1 फीसदी से अधिक की तेजी आई. इसके अलावा मीडिया, केमिकल और मेटल के शेयर भी हरे निशान (बढ़त) में कारोबार कर रहे थे.

दूसरी तरफ, एफएमसीजी (FMCG) शेयरों पर दबाव देखा गया और 'निफ्टी एफएमसीजी' इंडेक्स 0.57 फीसदी गिर गया. ऑटो और हेल्थकेयर इंडेक्स में भी मामूली गिरावट रही.

किन शेयरों में दिखी सुस्‍ती?

निफ्टी की कंपनियों में 'हिंदुस्तान यूनिलीवर' का शेयर सबसे ज्यादा 1.35% टूट गया. इसके बाद 'महिंद्रा एंड महिंद्रा' में 0.95% की गिरावट आई. एनटीपीसी, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, पावर ग्रिड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर भी नीचे रहे, जबकि नेस्ले इंडिया, आईटीसी और सन फार्मा में 0.60% तक की गिरावट देखी गई. इस बीच, बाजार के उतार-चढ़ाव को मापने वाला इंडेक्स 'इंडिया विक्स' (India VIX) 1 फीसदी से ज्यादा गिरकर करीब 16 के स्तर पर आ गया.

Latest and Breaking News on NDTV

अमेरिका-इरान तनाव का कैसा असर

पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के साथ युद्धविराम (Ceasefire) बढ़ाने के समझौते पर जल्द ही फैसला करेंगे, हालांकि दोनों देश अभी भी मुख्य मुद्दों पर बंटे हुए नजर आ रहे हैं.

इस बीच, अमेरिकी सेना के अनुसार, सप्ताहांत (वीकेंड) पर अमेरिका ने ईरान के गोरुक और केश्म द्वीप (Qeshm Island) में उनके रडार और ड्रोन कमांड सेंटरों पर हवाई हमले किए. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि यह कार्रवाई ईरान के आक्रामक रुख के जवाब में की गई, जिसमें ईरान ने अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराया था.

खबरें ये भी हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति युद्ध को खत्म करने के लिए ईरान के साथ समझौते की शर्तों में बदलाव की योजना बना रहे हैं, जबकि तेहरान (ईरान) भी इसमें नई बातें जोड़ने की तैयारी में है.

कच्चा तेल और एशियाई बाजारों का हाल

कमोडिटी मार्केट की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क 'ब्रेंट क्रूड' 2.63% बढ़कर 93.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी 'वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट' (WTI) क्रूड 3% से अधिक की तेजी के साथ 90 डॉलर पर आ गया.

दूसरी ओर, एशियाई बाजारों में भी बढ़त का माहौल रहा. निक्केई (Nikkei), हैंगसेंग (Hang Seng) और कोस्पी (KOSPI) जैसे प्रमुख इंडेक्स में 4 फीसदी तक का उछाल देखा गया.

ये भी पढ़ें: LPG Price Hike: कमर्शियल सिलेंडर हुआ 53 रुपये महंगा, छोटू सिलेंडर के भी दाम बढ़े, 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर का दाम जानिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Share Market Updates, Share Market Alert, Stock Market Opening, Sensex Nifty Today, BSE Sensex Nse Nifty
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com