Share Market Holiday Today On 3 April 2026: अगर आप आज यानी शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026 को शेयर बाजार में पैसे लगाकर मोटा मुनाफा कमाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. आज गुड फ्राइडे होने की वजह से स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग करने वाले बहुत से लोगों के मन में इस बात को लेकर कन्फ्यूजन है कि क्या आज शेयर बाजार खुले हैं या बंद? आज निफ्टी और सेंसेक्स में ट्रेडिंग करके पैसा कमाया जा सकता है या नहीं.आइए जानते हैं बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के ऑफिशियल कैलेंडर के अनुसार आज शेयर बाजार में ट्रेडिंग होगी या नहीं...
आज शेयर मार्केट खुला है या बंद?
गुड फ्राइडे के खास मौके पर आज, यानी 3 अप्रैल 2026 को भारतीय शेयर बाजार में कोई कामकाज नहीं होगा. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों ने ही गुड फ्राइडे के दिन ट्रेडिंग हॉलिडे रखा है.आज शुक्रवार की छुट्टी के बाद शनिवार और रविवार का वीकेंड ब्रेक आएगा. इसका मतलब यह है कि निवेशकों को तीन दिनों का एक लंबा गैप मिलेगा. अब बाजार में सामान्य ट्रेडिंग अगले हफ्ते यानी सोमवार, 6 अप्रैल को ही शुरू हो पाएगी. इसी हिसाब से आपको अपनी स्ट्रैटजी बनानी चाहिए.
आज किन सेगमेंट्स में नहीं होगी कोई ट्रेडिंग?
आज शेयर बाजार बंद होने की वजह से लगभग हर बड़े सेगमेंट में ताला लटका रहेगा. आज इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स जैसे सभी महत्वपूर्ण सेगमेंट्स में ट्रेडिंग पूरी तरह सस्पेंड रहेगी. इसके अलावा एसएलबी (Securities Lending and Borrowing) सेगमेंट में भी कोई कामकाज नहीं होगा. यानी आज आप न तो किसी शेयर को खरीद पाएंगे और न ही पुराने शेयरों को बेच पाएंगे.
MCX पर ट्रेडिंग होगी या नहीं?
जो लोग कमोडिटी मार्केट यानी एमसीएक्स (MCX) में सोना, चांदी या क्रूड ऑयल में ट्रेड करते हैं, उनके लिए भी आज छुट्टी है. गुड फ्राइडे के अवसर पर देश का सबसे बड़ा कमोडिटी एक्सचेंज सुबह और शाम, दोनों ही सेशन्स में बंद रहेगा. आम तौर पर कुछ त्योहारों पर शाम का सत्र खुला रहता है, लेकिन आज कमोडिटी बाजार में पूरे दिन के लिए ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रखी गई है.
बीते दिन शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव
शुक्रवार की इस लंबी छुट्टी से पहले, गुरुवार 2 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला. बीते दिन यानी बाजार की शुरुआत बेहद खराब हुई थी और सेंसेक्स करीब 1,588 अंक तक टूट गया था, लेकिन निचले स्तरों पर हुई खरीदारी और रुपये की मजबूती ने बाजार को संभाल लिया. अंत में सेंसेक्स 185.23 अंक की बढ़त के साथ 73,319.55 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 33.70 अंकों की तेजी दिखाकर 22,700 के पार बंद होने में सफल रहा.
अप्रैल 2026 में ट्रेडिंग हॉलिडे की पूरी लिस्ट
आज की छुट्टी के बाद इस महीने एक और बड़ा ट्रेडिंग हॉलिडे आने वाला है. 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के मौके पर एनएसई और बीएसई में कामकाज बंद रहेगा. इस तरह अप्रैल के महीने में वीकेंड्स के अलावा दो दिन बाजार में छुट्टियां रहेंगी, जिससे निवेशकों और ट्रेडर्स को अपनी स्ट्रैटजी बनाने के लिए काफी समय मिलेगा.
साल 2026 के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे का कैलेंडर
बता दें कि एक्सचेंजों ने साल 2026 में शेयर बाजार के लिए कुल 20 छुट्टियों का ऐलान किया गया था. इनमें से 4 छुट्टियां वीकेंड यानी शनिवार या रविवार को पड़ रही हैं, जिस वजह से साल भर में कुल 16 वर्किंग डेज ऐसे हैं जब ट्रेडिंग नहीं होगी. अब तक बाजार में पांच छुट्टियां बीत चुकी हैं और गुड फ्राइडे को मिलाकर अब साल के बचे हुए महीनों में कुल 11 और ट्रेडिंग हॉलिडे बाकी हैं. आपको NSE-BSE ट्रेडिंग हॉलिडे के बारे में पहले से पता होना चाहिए.
भारतीय शेयर बाजार सामान्य तौर पर हफ्ते में 5 दिन सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहता है, जबकि 9:00 से 9:15 बजे तक प्री-ओपन सेशन होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं