स्पाइसजेट इस समय फाइनेंशियल और ऑपरेशनल क्राइसिस से जूझ रही है. लेकिन एयरलाइन ने अपनी दमदार वापसी के लिए कमर कस ली है. इसके लिए स्पाइसजेट ने जुलाई महीने में अपने बेड़े में तीन नए एयरबस शामिल करने का ऐलान किया है. ये तीनों एयरबस विमान डैम्प लीज व्यवस्था के जरिए लाए जाएंगे. ऐसा इसलिए क्योंकि डैम्प लीज से विमान के साथ कुछ परिचालन सहायता और क्रू सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे विमान को जल्दी सेवा में लाया जा सकता है.
बोइंग 737 मैक्स की भी हुई वापसी
सिर्फ नए विमान ही नहीं बल्कि एयरलाइन ने अपने ग्राउंडेड एक बोइंग 737 मैक्स विमान को दोबारा परिचालन में शामिल किया है ये बोइंग 737 मैक्स विमान अब वाणिज्यिक उड़ानें शुरू कर चुका है. नए विमानों के शामिल होने से स्पाइसजेट की कुल उपलब्ध सीट क्षमता और परिचालन क्षमता में इजाफा होगा.इससे अतिरिक्त विमान सीजन के दौरान बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी. इससे एयरलाइन को अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट नेटवर्क पर उड़ानों के संचालन करने में आसानी होगी.
यात्रियों की परेशानी होगी कम
नए विमान आने के बाद अगर एयरलाइन को किसी तकनीकी खराबी से जुड़ी कोई समस्या आती है तो उनके पास कई ऑप्शन मौजूद होंगे. इससे यात्रियों को भी कम परेशानी होगी. स्पाइसजेट का कहना है कि कंपनी अब अपने विमानों की संख्या बढ़ा रही है, साथ ही ऑपरेशन को भी मजबूत किया जा रहा है.
सर्विस बेहतर करने पर फोकस
कंपनी के चीफ बिजनेस ऑफिसर देबोजो महर्षि ने बताया कि, इन नए विमानों के जरिए यात्रियों की डिमांड पूरी की जाएगी. साथ ही एयरलाइन के ऑपरेशन को मजबूत करने के अलावा नेटवर्क को और आसान बनाएंगे. इन सभी कदमों से सर्विस और अच्छी हो सकेंगी.
स्पाइसजेट के रिवाइवल के लिए ये फ्लीट एक्सपेंशन एक अहम कदम माना जा रहा है. विमानों की संख्या बढ़ने से स्पाइसजेट मार्केट में और मजबूती के साथ दूसरी कंपनियों को कॉम्पिटिशन दे पाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं