विज्ञापन

स्‍पाइसजेट पर मंडरा रहा बड़ा खतरा! लगा 124 करोड़ का फेर, शो-कॉज नोटिस, जानिए पूरी डिटेल

देश में 2 एयरलाइन कंपनियों का दबदबा है- इंडिगो और एयर इंडिया. इस बीच स्‍पाइसजेट, एयर अकासा और कुछ अन्‍य कंपनियां भी देश में डुओपॉली पर ब्रेक लगाए हुए है. लेकिन स्‍पाइसजेट की दिक्‍कतें खत्‍म होने का नाम नहीं ले रहीं. नया फेर जान लीजिए.

स्‍पाइसजेट पर मंडरा रहा बड़ा खतरा! लगा 124 करोड़ का फेर, शो-कॉज नोटिस, जानिए पूरी डिटेल
SpiceJet Airline पर मंडरा रहा एक और खतरा!

लो कॉस्‍ट एयरलाइन कंपनी स्‍पाइसजेट (Spicejet) पर एक नया खतरा मंडरा रहा है. कंपनी को 124 करोड़ रुपये से ज्‍यादा का चक्‍कर लग गया है. हालांकि ये फेर, कंपनी की खुद की गलती के चलते लगा है. कंपनी को शो-कॉज तो हुआ ही, GST रजिस्‍ट्रेशन भी कैंसिल होने का खतरा सिर पर मंडराने लगा है. दरअसल, कई महीनों तक GST रिटर्न दाखिल न करने के आरोप में GST विभाग ने स्पाइसजेट को 124.65 करोड़ रुपये की टैक्‍स डिमांड नोटिस जारी की है.  अधिकारियों के अनुसार, विभाग ने स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. 

इस शो-कॉज नोटिस में बार-बार देरी और GST रिटर्न दाखिल करने में कथित नियम उल्लंघन के आधार पर कंपनी का GST रजिस्‍ट्रेशन रद्द करने का प्रस्ताव रखा गया है. ये टैक्‍स डिमांड CGST एक्‍ट और  SGST एक्‍ट, 2017 की धारा 62 के तहत की गई अस्थाई टैक्‍स निर्धारण प्रक्रिया के बाद उठाई गई. आरोप है कि एयरलाइन निर्धारित समयसीमा के भीतर रिटर्न दाखिल करने में विफल रही.

रिटर्न दाखिल करने में देरी का नतीजा 

GST अधिकारियों ने कहा कि स्पाइसजेट लगातार रिटर्न दाखिल करने में अनियमितताएं करती रही है और कई बार नियत तिथि के बाद रिटर्न जमा किए गए. आकलन के अनुसार, विभाग ने नवंबर माह के लिए 44.44 करोड़ रुपये, दिसंबर के लिए 43.79 करोड़ रुपये, जनवरी के लिए 12.19 करोड़ रुपये, फरवरी के लिए 12.10 करोड़ रुपये और मार्च के लिए 12.12 करोड़ रुपये की मांग उठाई है.

अधिकारियों ने बताया कि एयरलाइन का GST रजिस्‍ट्रेशन रद्द करने से संबंधित कारण बताओ नोटिस 25 मई 2026 को जारी किया गया था, लेकिन कंपनी ने अबतक लंबित अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा नहीं किया है.

एक अधिकारी ने कहा, 'यदि स्पाइसजेट जल्द ही अपने लंबित रिटर्न दाखिल नहीं करती और GST कानून के तहत अपनी वैधानिक जिम्मेदारियों का पालन सुनिश्चित नहीं करती, तो नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.'

स्पाइसजेट ने 30 सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही के लिए 621 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध घाटा दर्ज किया था, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का घाटा 458 करोड़ रुपये था.

स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, कंपनी की परिचालन आय भी पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 915 करोड़ रुपये से घटकर 792 करोड़ रुपये रह गई, जो लगभग 13% की गिरावट है. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में स्पाइसजेट के शेयर 0.47% की गिरावट के साथ 12.75 रुपये पर बंद हुए थे. 

ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल पर बड़ी टैक्‍स कटौती! क्‍या कम होंगे तेल के दाम? जानिए सरकार के फैसले का आप पर क्‍या असर होगा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com