Government Savings Schemes:अगर आप बिना किसी रिस्क के अपनी सेविंग पर अच्छा रिटर्न चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. सरकारी गारंटी, तय ब्याज और कई योजनाओं में टैक्स छूट की वजह से स्मॉल सेविंग स्कीम्स आज भी सेफ इन्वेस्टमेंट ऑप्शन बना हुआ है. बीते हफ्ते सरकार ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग स्कीम्स (Small Savings Schemes) की ब्याज दरें जारी कर दी हैं. सरकार ने लगातार नौवीं तिमाही में किसी भी योजना की ब्याज दर में बदलाव नहीं किया है.
इसका मतलब है कि PPF, सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) समेत सभी सरकारी सेविंग स्कीम्स में निवेश करने वालों को अगले तीन महीने भी पहले जितना ही रिटर्न मिलता रहेगा. लेकिन इन सरकारी स्कीम्स में निवेश करने से पहले ये जान लें कि कहां सबसे ज्यादा रिटर्न मिल रहा है और आपके लिए बेहतर कौन सी स्कीम बेहतर है.
किस सरकारी स्कीम में मिल रहा है सबसे ज्यादा ब्याज?
अगर सिर्फ सबसे ज्यादा रिटर्न की बात करें तो दो सरकारी योजनाएं सबसे आगे हैं.इन दोनों योजनाओं पर इस समय सबसे ज्यादा सालाना ब्याज मिल रहा है.
- सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) - 8.2%
- सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) - 8.2%
आपके लिए कौन-सी स्कीम बेहतर है?
अगर आपकी बेटी 10 साल से छोटी है, तो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) सबसे बेहतर ऑप्शन है. यह योजना बेटी की पढ़ाई और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए बनाई गई है. इस योजना में 8.2% सालाना ब्याज मिलता है. इसमें निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट पर टैक्स छूट का फायदा मिलता है. सुकन्या समृद्धि योजना 21 साल में मैच्योर होती है या बेटी के 18 साल के बाद शादी होने पर नियमों के अनुसार बंद की जा सकती है.
सीनियर सिटीजन के लिए कौन-सी सरकारी स्कीम सबसे अच्छी है?
अगर आपकी उम्र 60 साल या उससे ज्यादा है , तो सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) अच्छा विकल्प हो सकती है.इस योजना में 8.2% सालाना ब्याज मिलता है. इसके साथ जमा राशि पूरी तरह सरकारी गारंटी के साथ सुरक्षित रहती है.इसकी अवधि 5 साल होती है.रेगुलर इनकम चाहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह पॉपुलर स्कीम है.

SSY और SCSS नहीं ले सकते, तो PPF का भी है ऑप्शन
अगर आपके पास छोटी बेटी नहीं है और आप सीनियर सिटीजन भी नहीं हैं, तो पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) लंबी अवधि के निवेश के लिए अच्छा ऑप्शन माना जाता है.इसमें 7.1% सालाना ब्याज मिलता है.कोई भी भारतीय नागरिक निवेश कर सकता है. इसमें निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम पूरी तरह टैक्स फ्री रहती है.
क्यों आज भी पसंद की जाती हैं ये सरकारी सेविंग स्कीम्स?
PPF, सुकन्या समृद्धि योजना, SCSS, NSC और दूसरी छोटी बचत योजनाएं उन लोगों के लिए बेहतर मानी जाती हैं जो शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर रहकर सुरक्षित निवेश करना चाहते हैं.इन योजनाओं की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें सरकार की गारंटी होती है, तय ब्याज मिलता है और कई योजनाओं में टैक्स छूट का फायदा भी मिलता है.
ये भी पढ़ें- EPFO ने बदले PF विड्रॉल के नियम: जानें शादी, पढ़ाई या बीमारी के लिए कितना निकाल सकते हैं पैसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं