Gold and Silver Prices Today: सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने लोगों का माथा ठनका दिया है. जब से ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल का युद्ध शुरू हुआ है, गोल्ड-सिल्वर के दाम में बहुत बड़े बदलाव देखे गए हैं. भाव कभी आसमान पर पहुंचे तो कभी बहुत नीचे. शुक्रवार को तो सोने-चांदी ने घरेलू मार्केट में अजब ही खेल दिखाया. सोने और चांदी ने सामान्य ओपनिंग के बाद दोपहर होते-होते बड़ा बदलाव दिखाया. चांदी सोने से तेज रफ्तार से आगे बढ़ी और करीब 1 फीसदी तक उछल गई, जबकि सोने के भाव में 0.30 फीसदी से भी कम का उछाल देखा गया. इससे पहले वैश्विक स्तर पर अस्थिरता के चलते सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है और कीमतों में शुक्रवार को 0.81 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली थी.
शुक्रवार की दोपहर सोने-चांदी के भाव
शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे 5 जून की डिलीवरी वाला सोना 460 रुपये की बढ़त के साथ 1,52,720 रुपये के भाव पर कारोबार करता दिखा. वहीं 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी करीब 1 फीसदी या 2459 रुपये के उछाल के साथ 2.61 लाख रुपये के भाव पर ट्रेड करती दिखी.
इससे पहले सुबह करीब 9 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,52,261 रुपये के मुकाबले 411 रुपये बढ़कर 1,52,672 रुपये पर खुला था. सुबह 9:43 पर यह 471 रुपये या 0.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,52,732 रुपये पर था और तब तक के कारोबार में सोने ने 1,52,672 रुपये का न्यूनतम स्तर और 1,53,103 रुपये का उच्चतम स्तर बनाया था.

दूसरी ओर चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछ्ली क्लोजिंग 2,58,540 रुपये के मुकाबले 1,445 रुपये की बढ़त के साथ 2,59,999 रुपये पर खुला था. सुबह 9:43 बजे यह 2,118 रुपये या 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,60,658 रुपये पर था और तब तक के कारोबार में चांदी का न्यूनतम स्तर 2,59,999 रुपये और उच्चतम स्तर 2,61,811 रुपये रहा था.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी में तेजी देखी जा रही है. कॉमेक्स पर सोना 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,725 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ 80.30 डॉलर प्रति औंस पर थी. सोने और चांदी की कीमतों में तेजी की वजह वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का बढ़ना है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर से बढ़ने के चलते इसमें इजाफा हुआ है. इससे सुरक्षित माने जाने वाले सोने और चांदी की खरीद को बढ़ावा मिल रहा है. हालांकि, शांति के लिए दोनों देशों के बीच बातचीत लगातार जारी है और उम्मीद की जा रही है कि एक अस्थायी समझौता जल्द ही हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं