बजट के बाद लगातार तीन सेशन की तेजी के बाद शेयर मार्केट ने गुरुवार को जो डाउनफाल दिखाया, शुक्रवार की भी शुरुआत वैसी ही रही. 503 अंकों की गिरावट के साथ गुरुवार को क्लोज हुआ सेंसेक्स शुक्रवार को 225.15 अंकों की गिरावट के साथ 83,088 रुपये पर खुला. वहीं शुरुआती कारोबार में निफ्टी भी करीब 90 अंकों गिरावट के साथ 25,554 के लेवल पर खुला, जो कि गुरुवार को 25,642 के स्तर पर क्लोज हुआ था. हालांकि शुरुआती कारोबार में एक पॉजिटिव संकेत रुपये ने दिया, जो कि इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में 9 पैसे की बढ़त के साथ 90.25 प्रति डॉलर पर खुला.
सुबह 9:18 पर सेंसेक्स 78 अंक की मामूली गिरावट के साथ 83,235.55 और निफ्टी 56 अंक की कमजोरी के साथ 25,586 पर ट्रेड कर रहा था. शुरुआती कारोबार में सूचकांकों में ऑयल एवं गैस, निजी बैंक, एनर्जी और फाइनेंशियल सर्विसेज में खरीदारी थी. वहीं, आईटी, फार्मा, हेल्थकेयर, मीडिया, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और पीएसई सूचकांक में दबाव था.
RBI MPC मीटिंग का भी असर!
केंद्रीय बैंक की दो दिनों से चल रही मॉनिटरी पॉलिसी मीटिंग के बाद आज गवर्नर संजय मल्होत्रा रेपो रेट पर फैसलों का ऐलान करने वाले हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि रेपो रेट पूर्ववत रहेगा. आरबीआई मॉनिटरी पॉलिसी मीटिंग के फैसले के बीच निफ्टी बैंक में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.

कोटैक महिंद्रा बैंक, ICICI बैंक, एक्सिस बैंक और फेडरल बैंक के शेयरों में 1.35 फीसदी तक का उछाल देखा गया. वहीं SBI, HDFC बैंक, इंडसइंड बैंक, IDFC बैंक के शेयरों में 0.68 फीसदी तक की गिरावट देखी गई.
लार्जकैप के साथ मिडकैप, स्मॉलकैप में भी बिकवाली
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवली देखी जा रही है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 315 अंक या 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 59,201 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 193 अंक या 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,790 पर था.
सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स गेनर्स थे. टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बीईएल, एशियन पेंट्स, इटरनल, इंडिगो और ट्रेंट लूजर्स थे.
ज्यादातर वैश्विक बाजारों में गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है. टोक्यो, शंघाई, सोल और जकार्ता लाल निशान में थे, जबकि बैंकॉक हरे निशान में था. अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को लाल निशान में बंद हुए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं