सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में धमाकेदार रिकवरी देखने को मिली है. पिछले सात दिनों से बाजार में जारी लगातार गिरावट पर ब्रेक लग गया है. गुरुवार को बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 500 से अधिक अंकों की बढ़त के साथ 77,426 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 128 अंक यानी 0.53% की तेजी दर्ज करते हुए 24,200 के आंकड़े को पार कर गया. बाजार की इस तेजी से निवेशकों को बड़ी राहत मिली है.
HDFC Bank और LIC के शेयर चमके
आरबीआई (RBI) द्वारा LIC को HDFC बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99% तक करने की हरी झंडी दिए जाने के बाद, दोनों कंपनियों के शेयरों में जोरदार उछाल आया है. HDFC बैंक के 0.95% शेयर बढ़त के साथ 726.85 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं, जबकि एलआईसी (LIC) के शेयरों में भी 0.71% की अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है. यह शेयर 416.05 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.
IT और टेक शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टर के हिसाब से देखें तो सुबह के कारोबार में IT, मिड-स्मॉल IT एंड टेलीकॉम और मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई. इन सभी सेक्टर्स में 1 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली.
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर हरे निशान (बढ़त) में ट्रेड करते नजर आए. इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक, इटरनल और बजाज फाइनेंस जैसे दिग्गज शेयर आज बाजार के टॉप गेनर्स में शामिल रहे.
बाजार में रिकवरी की संभावना
बता दें कि बाजार में पिछले 7 कारोबारी दिनों से लगातार गिरावट का रुझान बना हुआ था. हालांकि, मार्केट एनालिस्ट का मानना है कि इस तेजी से निचले स्तरों पर शॉर्ट-कवरिंग को बढ़ावा मिला है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार में हल्की रिकवरी की संभावना नजर आ रही है.
इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ओर से 407.99 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी दर्ज किए जाने से भी घरेलू बाजार को मजबूती मिली है. एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी करीब 5.74% उछला, जिससे पूरे एशियाई मार्केट का माहौल पॉजिटिव हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं