Market Closing: हफ्ते का पहला दिन भारतीय बाजार के लिए शानदार रहा. कारोबार के बीच में आई गिरावट ने एक बार के लिए निवेशकों की धड़कने बढ़ा दी थीं, लेकिन फिर लिवाली का ऐसा दौर आय़ा, जो आखिर तक चलता रहा. 938.93 अकों की बढ़त के साथ सेंसेक्स 75,502.85 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 257.70 की तेजी से साथ 23,408.80 अंकों पर रहा.
किन शेयर्स में दिखी तेजी
आज के कारोबार में अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, और एचडीएफसी बैंक हैवीवेट शेयरों ने बाजार को मजबूती दी. बैंकिंग और मेटल सेक्टर में आई वैल्यू बाइंग ने इंडेक्स को निचले स्तरों से उबारने में अहम भूमिका निभाई. बैंकिंग सेक्टर में आखिरी घंटों में हुई जबरदस्त खरीदारी ने सेंसेक्स को 900 अंकों से ऊपर पहुंचा दिया.
बाजार की तेजी की 3 बड़ी वजह
- लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद कई ब्लू-चिप शेयर कम दामों पर मिल रहे थे, जिसे निवेशकों ने अपने पोर्टफोलियो में जोड़ लिया.
- ईरान और इजरायल के बीच टेंशन के बाद भी कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता देखी जा रही है. इससे ग्लोबल सेंटीमेंट को सुधारा मिला.
- विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बाद भी घरेलू निवेशकों ने बाजार को गिरने नहीं दिया और जमकर खरीदारी की.
कैसी रही थी सुबह की शुरुआत?
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत शानदार रही थी. सुबह 9:15 बजे सेंसेक्स 243.62 अंक (0.33%) की बढ़त के साथ 74,807.54 पर खुला, वहीं निफ्टी 85.30 अंक (0.37%) चढ़कर 23,236.40 पर था. लेकिन ठीक 2 मिनट बाद यानी 9:17 बजे तक सारी बढ़त स्वाहा हो गई. सेंसेक्स 123.75 अंक टूटकर 74,440.17 पर आ गया और निफ्टी भी 19.50 अंक गिरकर 23,131.60 पर ट्रेड करने लगा.
रियल्टी और ऑयल एंड गैस शेयर सबसे ज्यादा गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे. सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो में निफ्टी रियल्टी और निफ्टी ऑयल एंड गैस टॉप लूजर्स थे. डिफेंस, पीएसई, एनर्जी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मीडिया, ऑटो, इन्फ्रा, पीएसयू बैंक और आईटी भी लाल निशान में थे. इसके अलावा, मेटल, एफएमसीजी, कमोडिटीज, फार्मा, प्राइवेट बैंक, हेल्थकेयर और फाइनेंशियल सर्विसेज हरे निशान में थे.
इन शेयरों में सबसे तेज हलचल
सेंसेक्स पर लिस्टेड शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, टाटा स्टील, इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक और एचयूएल हरे निशान में थे. बीईएल, एमएंडएम, ट्रेंट, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक लाल निशान में थे.
बीता हफ्ता निवेशकों के लिए रहा 'ब्लैक वीक'
शेयर बाजार के लिए पिछला सप्ताह किसी डरावने सपने से कम नहीं था. बाजार की टॉप 10 कंपनियों की मार्केट वैल्यू (M-Cap) में सामूहिक रूप से 4.48 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई है.
- बीते सप्ताह सेंसेक्स 4,354.98 अंक (5.51%) नीचे आ गया.
- एनएसई निफ्टी में भी 1,299.35 अंक (5.31%) की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.
फरवरी से अब तक 6,700 अंक से ज्यादा डूबा सेंसेक्स
बाजार में गिरावट का यह सिलसिला आज का नहीं है. डेटा के मुताबिक, पिछले महीने 27 फरवरी से लेकर अब तक सेंसेक्स 6,723.27 अंक (8.27%) नीचे आ चुका है. ग्लोबल तनाव और भारी बिकवाली ने निवेशकों की कमर तोड़ दी है, जिससे रिकवरी की हर कोशिश नाकाम साबित हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं