भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को भी सुस्त हुई. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ग्लोबल मार्केट से मिले निगेटिव संकेतों के बीच बाजार खुलते ही BSE सेंसेक्स करीब 300 अंक नीचे लुढ़क गया. वहीं निफ्टी50 में भी गिरावट देखी गई. सुबह करीब 9:17 बजे BSE सेंसेक्स 0.37% या 275.23 अंकों की गिरावट के साथ 74,070 के आसपास ट्रेड कर रहा था. वहीं निफ्टी 50 करीब 0.33% या 77.80 अंक की गिरावट के साथ 23,327.80 के लेवल पर कारोबार करता दिखा.
इससे पहले प्री ओपन में मार्केट सुस्त पड़ा था. सेंसेक्स 0.42% या 313 अंकों की गिरावट के साथ 74,032 पर ट्रेड करता दिखा था, जबकि NIFTY 50 करीब 0.6% या 137 अंकों की गिरावट के साथ 23,270 के नीचे कारोबार करता दिखा था.
इंफोसिस, HDFC गिरे... टाइटन, अदाणी इंटरप्राइजेज चढ़े
निफ्टी 50 पैक में ट्रेंट, टाटा मोटर्स PV, इंफोसिस, आयशर मोटर और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि इसके विपरीत इटरनल, टाइटन, एशियन पेंट्स और अदाणी इंटरप्राइजेज के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई. व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.17 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.09 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई.
किस सेक्टर का कैसा रहा हाल?
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल और निफ्टी प्राइवेट बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी केमिकल और निफ्टी एफएमसीजी बेहतर प्रदर्शन करते नजर आए.
घरेलू मोर्चे पर, निवेशक शुक्रवार को जारी होने वाले भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक के परिणाम की प्रतीक्षा करते हुए सतर्कता बरत सकते हैं.
ईरान ने बुधवार तड़के कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला किया. इससे एक दिन पहले अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा था कि उन्होंने ईरान से दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका है और फारस की खाड़ी में स्थित क़ेशम द्वीप पर रक्षात्मक हमले भी किए हैं.
इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान परमाणु हथियार न रखने पर सहमत हो गया है. अमेरिका ने यह भी कहा कि अगर हिज्बुल्लाह अपना विरोध बंद कर दे तो इजरायल लेबनान के साथ युद्धविराम के लिए सहमत है.
बाजार में लगातार गिरावट
बुधवार को भी बाजार में गिरावट के साथ बंद हुए थे. भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार का कारोबारी सत्र उतार-चढ़ाव भरा रहा था, हालांकि आखिर में बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से निचले स्तरों से थोड़ी रिकवरी देखने को मिली थी. बुधवार को सेंसेक्स 303.67 अंक या 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,346.17 और निफ्टी 77.95 अंक या 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,405.60 पर बंद हुआ.
सूचकांकों में निफ्टी आईटी 5.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ टॉप लूजर था. निफ्टी रियल्टी 1.39 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 1.01 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.81 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया 0.59 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज 0.35 प्रतिशत और निफ्टी कमोडिटीज 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ सबसे ज्यादा गिरने वाले सूचकांक थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं