विज्ञापन

Market Crash Today: सेंसेक्‍स-निफ्टी धड़ाम, सोना-चांदी भरभरा कर गिरे, रुपया भी फिसला... अमेरिका टेंशन में क्‍यों आया?

भारतीय शेयर बाजार के लिए सोमवार का दिन भूचाल लेकर आया. मार्केट खुलते ही धड़ाम और फिर शाम तक सेंसेक्स-निफ्टी 1.5% से ज्यादा टूट गए. रुपया और सोना-चांदी को भी आज गिरावट ही देखना पड़ा. अमेरिकी मार्केट की भी शुरुआत कुछ अच्‍छी नहीं रही है. पूरी डिटेल यहां.

Market Crash Today: सेंसेक्‍स-निफ्टी धड़ाम, सोना-चांदी भरभरा कर गिरे, रुपया भी फिसला... अमेरिका टेंशन में क्‍यों आया?
सोमवार का दिन बाजार के लिए बुरा साबित हुआ.
(NDTV File Photo)

मार्केट गिरा, सोना-चांदी गिरे, रुपया गिरा और फिर निवेशकों के लाखों-करोड़ों रुपये डूब गए. भारतीय शेयर बाजार से लेकर कमोडिटी और करेंसी मार्केट तक आज सोमवार का दिन निवेशकों के लिए दिन भारी रहा. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक 1.5 फीसदी से ज्यादा टूट गए. विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार का सेंटीमेंट कमजोर रहा. इसका असर रुपये पर भी दिखा और घरेलू करेंसी डॉलर के मुकाबले 96.03 के रिकॉर्ड निचले स्तर के बेहद करीब पहुंच गई.

सिर्फ शेयर बाजार ही नहीं, सोने और चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मजबूती ने भारतीय बाजार पर दबाव और बढ़ा दिया.

सेंसेक्स-निफ्टी में 1.5% से ज्यादा की गिरावट

भारतीय शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत से ही बिकवाली हावी रही. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. बाजार में चौतरफा बिकवाली के चलते निवेशकों के पोर्टफोलियो पर दबाव बढ़ गया. विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी को बाजार में गिरावट की बड़ी घरेलू वजहों में से एक माना जा रहा है.

रुपया ऑलटाइम लो के करीब

डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी भी जारी रही. आज रुपया 28 पैसे और कमजोर होकर 96.03 के स्तर तक पहुंच गया. ये इसका रिकॉर्ड निचले स्तर के बेहद करीब है. विदेशी फंड्स की लगातार बिकवाली से भारतीय करेंसी पर दबाव बना हुआ है.

सोना 4,132 रुपये और चांदी 6,000 रुपये से ज्यादा टूटी

कीमती धातुओं में भी आज बड़ी गिरावट रही. सोना 4,132 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ. वहीं चांदी की कीमत में 6,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. औद्योगिक मांग में कमजोरी और वैश्विक संकेतों के चलते चांदी पर दबाव देखने को मिला.

कच्चा तेल 107 डॉलर के पार

बाजार की चिंता बढ़ाने वाला एक बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल 107 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है. भारत जैसे कच्चे तेल के आयात पर निर्भर देश के लिए महंगा क्रूड वित्तीय दबाव बढ़ा सकता है.

अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में मजबूती से भी वैश्विक निवेशकों का रुख प्रभावित हुआ है. अमेरिकी बॉन्ड की ओर आकर्षण बढ़ने पर उभरते बाजारों से विदेशी पैसा निकलने का दबाव बन सकता है.

अमेरिकी बाजार भी लाल निशान में

सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी कमजोर शुरुआत देखने को मिली. डाउ जोंस 357 अंक यानी 0.69 फीसदी गिरकर 51,468.15 पर, नैस्डैक 133 अंक यानी 0.50 फीसदी टूटकर 22,693.35 पर और एसएंडपी 500 36.59 अंक यानी 0.48 फीसदी गिरकर 7,707.49 पर कारोबार करता दिखा.

घरेलू बाजार में भारी बिकवाली, रुपये की कमजोरी, सोने-चांदी में गिरावट और महंगे कच्चे तेल ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. 

यह भी पढ़ें : शेयर बाजार धड़ाम, कच्‍चे तेल के तेज दाम से कोहराम, मार्केट से साफ हो गए 7.5 लाख करोड़ रुपये

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Share Market Updates, Share Market, Share Market 2026, Share Market Crash
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com