Stock Market Closing Today: आज यानी हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार लगातार चौथे सत्र में बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ.अमेरिकी केंद्रीय बैंक यूएस फेडरल रिजर्व (US Fed) के बड़े फैसले से ठीक पहले आज भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों का जोश देखने को मिला. बुधवार को बाजार में चौतरफा खरीदारी के दम पर दोनों प्रमुख इंडेक्स Sensex और Nifty बढ़त के साथ बंद हुए.
कारोबार खत्म होने पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (Sensex) 347.14 अंक (या 0.45%) की मजबूती के साथ 77,155.62 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty) भी 96.55 अंक (या 0.4%) की बढ़त लेकर 24,085.70 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा.
निफ्टी ने एक बार फिर से 24,000 का लेवल किया पर
सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,808.48 से 271.61 अंक बढ़कर 77,080.09 पर खुला और दिन के कारोबार में 77,218.99 का उच्चतम स्तर छुआ. वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,989.15 से 55.35 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,044.50 पर खुला और दिन के कारोबार में 24,108.20 के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया.सबसे अच्छी बात यह रही कि चुनिंदा हैवीवेट शेयरों में आई तेजी की बदौलत निफ्टी ने एक बार फिर से 24,000 का स्तर पार कर लिया है, जिससे निवेशकों के चेहरे खिल गए हैं.
आज किन शेयरों और सेक्टर्स ने कराई चांदी?
आज बाजार का मूड बनाने में मुख्य रूप से तीन कंपनियों का बड़ा हाथ रहा, जो निफ्टी में टॉप गेनर्स बनकर उभरीं...
- ट्रेंट (Trent)
- भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronics / BEL)
- हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries)
टॉप गेनर्स और लूजर्स
निफ्टी 50 में, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (बीईएल), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई लाइफ, एटर्नल, एचडीएफसी लाइफ और टाटा स्टील सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों की लिस्ट में शामिल रहे. वहीं, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, सिप्ला, बजाज फिनसर्व, ओएनजीसी और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल रहे.
अगर सेक्टर्स की बात करें, तो आज निफ्टी पीएसयू बैंक (Nifty PSU Bank) यानी सरकारी बैंकों ने मार्केट में सबसे शानदार प्रदर्शन किया. इसके बाद निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी मेटल (Nifty Metal) इंडेक्स भी सबसे ज्यादा मुनाफा कराने वाले सेक्टर्स रहे. ब्रॉडर मार्केट्स में भी हरियाली रही, जहाँ निफ्टी मिडकैप (Nifty MidCap) में 0.52% और निफ्टी स्मॉलकैप (Nifty SmallCap) में 0.79% की बढ़त दर्ज की गई.
आज के इस तेजी वाले बाजार में भी कुछ सेक्टर्स ऐसे रहे जहां बिकवाली का दबाव दिखा. निफ्टी ऑटो (Nifty Auto) और निफ्टी रियल्टी (Nifty Realty) इंडेक्स आज के कारोबार में सबसे ज्यादा गिरने वाले में शामिल रहे.
अब आगे क्या होगी बाजार की चाल?
निफ्टी के टेक्निकल आउटलुक को लेकर मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब बाजार के लिए आगे की राह थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकती है.बाजार के लिए 24,100 से 24,200 का जोन तुरंत एक बड़ी रुकावट यानी इमीडिएट रेजिस्टेंस के रूप में सामने आ रहा है.अगर गिरावट आती है, तो 24,000 का स्तर एक मजबूत और अहम सपोर्ट की तरह काम करेगा, जो पहले बाजार के लिए एक बड़ी बाधा बना हुआ था.
सभी निवेशक क्यों कर रहे हैं इंतजार?
आज बाजार में तेजी तो थी, लेकिन बड़ी पोजीशन लेने से पहले निवेशक थोड़े फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं. इसकी वजह आज देर रात आने वाला 'यूएस फेडरल ओपन मार्केट कमेटी' (FOMC) की बैठक का नतीजा है.
ऐसी पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस बार अपनी ब्याज दरों को 3.5% से 3.75% पर बिना किसी बदलाव के रख सकता है.दुनिया भर के निवेशक इस बात पर नजर गड़ाए हुए हैं कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक महंगाई, आर्थिक विकास और भविष्य में ब्याज दरों को घटाने-बढ़ाने को लेकर क्या टिप्पणी करता है.
रुपये की चाल पर क्या रहा असर?
डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों के एक सीमित दायरे में रहने की वजह से आज विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया बिल्कुल सुस्त या कहें फ्लैट बंद हुआ. डॉलर के मुकाबले रुपया आज 94.50 के स्तर के पास कारोबार करता दिखा.एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रुपया 94.00 से 94.85 के दायरे में घूम सकता है, और आज रात आने वाली अमेरिकी फेड की कमेंट्री ही रुपये को अगली नई दिशा देगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं