Scotch Whisky Import Tariff: भारत और ब्रिटेन के बीच ट्रेड डील (India-UK CETA) में स्कॉच व्हिस्की के इंपोर्ट टैरिफ को लेकर उठे सवालों पर केंद्र सरकार ने सफाई दी है. सरकार का कहना है कि भारत ने स्कॉच व्हिस्की पर कम इंपोर्ट ड्यूटी देने के अपने वादे को नहीं तोड़ा है. इस मामले में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में किए जा रहे दावे सही नहीं हैं. सरकार के मुताबिक, विवाद असल में कुछ खास तरह की शराब के इंपोर्ट और उसकी कस्टम्स क्लासिफिकेशन को लेकर है.
स्कॉच-व्हिस्की पर CETA की शर्तें लागू
सरकार ने साफ किया है कि HS 22083012 और HS 22083013 के तहत आने वाली बोतलबंद स्कॉच व्हिस्की का इंपोर्ट भारत-UK CETA के तहत तय कम ड्यूटी पर हो रहा है. यानी इन दोनों कैटेगरी में आने वाली स्कॉच व्हिस्की को ट्रेड डील का फायदा मिल रहा है.
किस बात पर फंसा है टैरिफ का मामला?
सरकार के मुताबिक, इस तरह के बल्क स्पिरिट को पहले अलग-अलग HS कोड के तहत इंपोर्ट किया जाता रहा है. कई सालों तक बड़े इंपोर्टर्स ने Compound Alcoholic Preparations (CAP), Concentrates of Alcoholic Beverages (CAB) या बल्क व्हिस्की (कच्चे माल) के नाम से आने वाले ज्यादातर प्रोडक्ट को HS कोड 2208 90 के तहत घोषित किया.
खास बात यह है कि भारतीय अदालतों में भी इंपोर्टर्स लंबे समय से अपना पक्ष रखते आए हैं कि इस तरह की बल्क स्पिरिट तैयार व्हिस्की नहीं, बल्कि कच्चा माल है. सरकार का कहना है कि इसी वजह से अब इन प्रोडक्ट की सही कस्टम्स कैटेगरी तय करने का सवाल उठा है.
UK की स्कॉच व्हिस्की एसोसिएशन ने भी उठाया था मुद्दा
सरकार के मुताबिक, यह पुरानी इंपोर्ट प्रैक्टिस ब्रिटेन की Scotch Whisky Association (SWA) की जानकारी में भी थी. एसोसिएशन ने ब्रिटेन की हाउस ऑफ कॉमन्स की बिजनेस एंड ट्रेड कमेटी के सामने अपनी बात रखते हुए कहा था कि रेगुलेटरी कारणों से ज्यादातर बल्क स्कॉच व्हिस्की एक्सपोर्ट के लिए इसी टैरिफ लाइन का इस्तेमाल होता था. लेकिन HS 2208 90 को स्कॉच व्हिस्की की खास टैरिफ कैटेगरी जितनी छूट नहीं दी गई थी.
हाउस ऑफ कॉमन्स की बिजनेस एंड ट्रेड कमेटी ने 21 जनवरी 2026 को जारी अपनी CETA रिपोर्ट में भी टैरिफ में छूट को लेकर स्कॉच व्हिस्की एसोसिएशन की चिंताओं का जिक्र किया था.
सरकार बोली- CETA के लिए प्रतिबद्ध है भारत
सरकार ने दोहराया है कि भारत, भारत-UK CETA को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. फिलहाल वाणिज्य विभाग , राजस्व विभाग, इंडस्ट्री और ब्रिटेन के अधिकारियों के साथ मिलकर इस मामले का जल्द समाधान निकालने पर काम कर रहा है. सरकार का कहना है कि पूरा मामला सही HS कोड के तहत सामान की पहचान करने और उसी के हिसाब से इंपोर्ट ड्यूटी लगाने का है, न कि ट्रेड डील की शर्तों से पीछे हटने का है .
यह भी पढ़ें | कचरे से सोना-चांदी और लिथियम निकालेगी यह कंपनी, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग में करेगी ₹3,000 करोड़ का बड़ा निवेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं