अरबपति कारोबारी एलन मस्क के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में टेलीकॉम सेक्टर को बड़ा झटका दे दिया.
Starlink को लेकर मस्क की तीखी टिप्पणी के बाद निवेशकों ने रिलायंस इंडस्ट्रीज और Bharti Airtel जैसे टेलीकॉम शेयरों में जमकर बिकवाली की. सबसे बड़ा असर रिलायंस पर पड़ा, जिसके शेयर करीब 2.6% टूट गए. इस एक दिन की गिरावट से कंपनी का मार्केट कैप लगभग 5 अरब डॉलर यानी करीब 48 हजार करोड़ रुपये घट गया.
गुरुवार को Nifty 50 करीब 384 अंक यानी 1.7% टूटकर बंद हुआ. निफ्टी में रिलायंस की हिस्सेदारी करीब 9% है, इसलिए उसके शेयर में आई गिरावट ने अकेले इंडेक्स से लगभग 53 अंक मिटा दिए. भारती एयरटेल के शेयर में भी दबाव देखा गया, जिससे इंडेक्स पर अतिरिक्त असर पड़ा.
आखिर क्यों हुआ ऐसा?
दरअसल, एक दिन पहले एलन मस्क ने X पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया था कि भारत में कुछ 'ओलिगार्क' Starlink का रास्ता रोक रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं पर अपना 'एकाधिकार' बनाए रख सकें.
मस्क ने किसी कंपनी या कारोबारी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि लोग खुद अंदाजा लगा सकते हैं कि वह किसकी ओर इशारा कर रहे हैं. उनके इस बयान के बाद भारत के सैटेलाइट ब्रॉडबैंड बाजार में संभावित प्रतिस्पर्धा को लेकर बहस तेज हो गई.
भारत ने क्या कहा?
मस्क की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब Starlink भारत में अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है. Starlink, Jio Satellite और भारती समर्थित OneWeb तीनों को लाइसेंस मिल चुके हैं, लेकिन सुरक्षा मंजूरी अभी बाकी है.
इस बीच दूरसंचार मंत्रालय ने भेदभाव के आरोपों को खारिज कर दिया है. मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा नियामकीय ढांचे को लेकर उठाए जा रहे सवाल 'निराधार और गलतफहमी पर आधारित' हैं.
बाजार की चिंता सिर्फ मस्क के बयान तक सीमित नहीं है. निवेशक इस बात पर भी नजर रख रहे हैं कि सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं के आने से टेलीकॉम कंपनियों के कारोबार पर कितना असर पड़ेगा. रिलायंस जियो और भारती एयरटेल मिलकर देश के 80% से ज्यादा ब्रॉडबैंड ग्राहकों को सेवा देती हैं, ऐसे में प्रतिस्पर्धा बढ़ने पर इनकी ग्रोथ और वैल्यूएशन पर असर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप सरकार का बड़ा फैसला; विप्रो, टाटा, इन्फोसिस जैसी IT कंपनियों को ग्रीन कार्ड प्रोग्राम से किया सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं