विज्ञापन

PhysicsWallah Share: 6 महीने में 43% रिटर्न, कंपनी लॉस में, बावजूद आज फिर 5% से ज्‍यादा भागे शेयर, माजरा क्या है?

Physics Wallah के शेयराें में आज बुधवार को तेजी देखी जा रही है. कहीं आप भी ताे ये सोचकर कन्फ्यूज नहीं न हो रहे हैं कि कंपनी नुकसान में है, फिर भी शेयर क्‍यों 5% से ज्‍यादा भाग गए... कारण हम बता देे रहे हैं. जान लीजिए.

PhysicsWallah Share: 6 महीने में 43% रिटर्न, कंपनी लॉस में, बावजूद आज फिर 5% से ज्‍यादा भागे शेयर, माजरा क्या है?
Physics Wallah के शेयर भागे
(NDTV File Photo)

अलख पांडेय (Alakh Pandey) की एडटेक कंपनी PhysicsWallah के शेयर बुधवार को एक बार फिर तेजी से चढ़ गए. कंपनी के शेयर आज बुधवार को 5.39% चढ़कर 127.90 रुपये/शेयर के इंट्राडे हाई पर पहुंच गए. दोपहर करीब 1:25 बजे, PhysicsWallah का स्टॉक 128 रुपये के करीब ट्रेड करता दिखा. जबकि इसकी तुलना में, BSE सेंसेक्स 0.08% गिरकर 77,594 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था.

6 महीने में 43% भागे शेयर 

खास बात यह है कि पिछले छह महीनों में स्टॉक में 42.9% की बढ़ोतरी हुई है. आज शेयर की कीमत में उछाल के पीछे दो ब्लॉक डील बड़ी वजहें बताई जा रही हैं. दोनों ब्‍लॉक डील में 4.67 करोड़ PhysicsWallah शेयरों के लेन-देन के बाद आया, जो कंपनी की इक्विटी का लगभग 1.6% है.

यह ब्लॉक डील गतिविधि PhysicsWallah द्वारा अपने Q1FY27 के नतीजे घोषित करने के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें एडटेक कंपनी ने मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ और कम नेट लॉस दर्ज किया है.

जून तिमाही में नुकसान में PhysicsWallah 

इस वित्त वर्ष जून तिमाही में PhysicsWallah का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू साल-दर-साल (YoY) 24.4% बढ़कर 1,054 करोड़ रुपये हो गया, जबकि Q1FY26 में यह 847 करोड़ रुपये था.

कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट लॉस 36% घटकर 77.6 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 120.5 करोड़ रुपये था. सुधार के बावजूद, कंसोलिडेटेड लेवल पर PhysicsWallah घाटे में ही रही.

कंपनी का EBITDA लॉस भी Q1FY27 में घटकर 56.9 करोड़ रुपये रह गया है, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 76.3 करोड़ रुपये था, जिससे ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस में सुधार का संकेत मिलता है.

ऑनलाइन बिजनेस से ग्रोथ को बढ़ावा

ऑनलाइन सेगमेंट PhysicsWallah की परफॉर्मेंस में एक अहम योगदानकर्ता बना रहा. तिमाही के दौरान ऑनलाइन रेवेन्यू 548.79 करोड़ रुपये रहा, जो इसके ऑफलाइन ऑपरेशन्स से मिले 489.90 करोड़ रुपये से ज्यादा था.

ऑनलाइन बिजनेस ने 75.90 करोड़ का सेगमेंट रिजल्ट दर्ज किया, जबकि ऑफलाइन सेगमेंट ने 27.17 करोड़ का नुकसान दर्ज किया. दूसरे सेगमेंट में 4.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.

ये आंकड़े PhysicsWallah के ऑनलाइन और ऑफलाइन बिजनेस के अलग-अलग आर्थिक पहलुओं को दिखाते हैं, क्योंकि कंपनी अपनी फिजिकल मौजूदगी बढ़ा रही है.

मई 2026 तक PhysicsWallah के 353 सेंटर हो गए थे. इस दौरान, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने वाले यूजर्स की संख्या 4.87 मिलियन तक पहुंच गई, जबकि ऑफलाइन एनरोलमेंट 4.7 लाख रहे.

बना हुआ है लागत का दबाव

रेवेन्यू और EBITDA नुकसान में सुधार के बावजूद, ज्यादा लागत कंपनी की मुनाफा कमाने की क्षमता पर असर डाल रही है. इस तिमाही में डेप्रिसिएशन, डिप्लीशन और अमॉर्टाइजेशन बढ़कर 110.67 करोड़ रुपये हो गया, जबकि फाइनेंस कॉस्ट 25.50 करोड़ रुपये रही.

PhysicsWallah ने 108.86 करोड़ रुपये की अन्य आय (other income) दर्ज की है, जिसमें से फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट्स की फेयर वैल्यू पर दोबारा मूल्यांकन (remeasurement) से हुए 44.35 करोड़ रुपये के नुकसान को घटा दिया गया. नतीजतन, टैक्स काटकर मुनाफे के बजाय 84.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.

ये भी पढ़ें: यूपी में प्राइवेट नौकरी वालों की मौज- जॉइनिंग लेटर, हेल्‍थ चेकअप, कैंटीन, रेस्‍ट रूम, नाइट शिफ्ट के नियम तय

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Physics Wallah News, Alakh Pandey, Alakh Pandey Physics Wallah, Share Market News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com