आज के दौर में हर कोई चाहता है कि उसकी कमाई का कुछ हिस्सा बचा रहे और वक्त आने पर एक बड़ा फंड बनकर तैयार हो जाए. अगर आप भी भारी-भरकम निवेश के बजाय छोटी-छोटी बचत से लखपति बनना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीम आपके लिए बेस्ट है. इसमें आपको म्यूचुअल फंड की तरह रिस्क नहीं लेना पड़ता और एफडी (FD) की तरह एक साथ सारा पैसा ब्लॉक करने की जरूरत भी नहीं है. हर दिन बस ₹300 की बचत आपको भविष्य में ₹15 लाख का मालिक बना सकती है. आइए समझते हैं इस स्कीम की पूरी A B C D....
क्या है पोस्ट ऑफिस की RD स्कीम?
पोस्ट ऑफिस की आरडी एक ऐसी गुल्लक है जहां आप हर महीने अपनी मर्जी से निवेश कर सकते हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि आप मात्र ₹100 से भी अकाउंट शुरू कर सकते हैं. इसमें पैसा जमा करने की कोई अधिकतम सीमा नहीं है. 10 साल से ऊपर का बच्चा भी अपने पेरेंट्स के साथ मिलकर यह खाता खुलवा सकता है. सरकारी गारंटी होने की वजह से यहां आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है.
₹300 रोज बचाकर ₹15 लाख जुटाने का फॉर्मूला
अगर आप अमीर बनने का ये फॉर्मूला अपनाते हैं, तो देखिए कैसे बढ़ता है आपका पैसा...
- रोज की बचत: ₹300 यानी महीने के ₹9,000.
- सालाना ब्याज: 6.70%
- 5 साल का निवेश: 5 साल में आपका कुल निवेश ₹5.40 लाख होगा, जो ब्याज के साथ ₹6 लाख के पार निकल जाएगा.
- 10 साल का निवेश: अगर आप इसे 5 साल और बढ़ा देते हैं, तो आपका कुल निवेश ₹10,80,000 होगा.
- मैच्योरिटी पर रकम: 10 साल बाद आपको ₹15,20,889 एकमुश्त मिलेंगे. इसमें से ₹4,40,889 तो सिर्फ ब्याज की कमाई होगी.
जरूरत पड़ने पर लोन की भी सुविधा
पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम में एक और बड़ी सुविधा है लोन. अगर आपको अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए, तो आपको अपनी RD तोड़ने की जरूरत नहीं है. अगर आपने कम से कम 12 किस्तें यानी 1 साल जमा कर दी हैं, तो आप अपने जमा पैसे का 50% तक लोन ले सकते हैं. इससे आपकी बचत भी जारी रहेगी और आपका काम भी हो जाएगा.
खाता खोलने के नियम और शर्तें
पोस्ट ऑफिस में RD का समय (Tenure) मुख्य रूप से 5 साल का होता है. हालांकि, आप इसे 3 साल बाद बंद करा सकते हैं. अगर आप इसे 10 साल तक चलाना चाहते हैं, तो 5 साल बाद इसे एक्सटेंड कराने की सुविधा भी मिलती है. खाता खोलने के लिए आपके पास पोस्ट ऑफिस का सेविंग अकाउंट होना जरूरी है, जिसे आप पास के किसी भी पोस्ट ऑफिस में जाकर या मोबाइल बैंकिंग के जरिए भी खोल सकते हैं.
शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर, यह उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो बिना किसी रिस्क के पैसा बढ़ाना चाहते हैं. हालांकि, निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से बात करना हमेशा अच्छा रहता है ताकि आप अपनी आय के हिसाब से सही प्लानिंग कर सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं