Petrol Diesel Price Today 11 July 2026: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. इस बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी हो गए हैं. सरकारी तेल कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे नए रेट अपडेट करती हैं और 11 जुलाई 2026 के लिए भी नई कीमतें जारी कर दी गई हैं. आज भी ज्यादातर शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि, हर शहर में टैक्स की वजह से रेट अलग-अलग हैं. ऐसे में अगर आज आप अपनी गाड़ी में तेल भरवाने जा रहे हैं तो पहले अपने शहर का ताजा भाव जरूर चेक कर लें.
आज 11 जुलाई को आपके शहर में कितना है पेट्रोल और डीजल का रेट?
- दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है.
- चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 97.56 रुपये प्रति लीटर है.
- चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.51 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- लखनऊ में पेट्रोल 101.89 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर है.
- पटना में पेट्रोल 113.37 रुपये और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
25 मई के बाद नहीं बदले पेट्रोल और डीजल के दाम
सरकारी तेल कंपनियों ने 25 मई 2026 के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. इससे पहले मई महीने में सिर्फ 11 दिनों के अंदर चार बार दाम बढ़ाए गए थे. 15 मई को पेट्रोल 3 रुपये और डीजल 3.29 रुपये महंगा हुआ था. इसके बाद 19 मई और 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे बढ़ाया गया. फिर 25 मई को पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया था. हालांकि, राहत की बात ये है कि इसके बाद पेट्रोल और डीजल का भाव नहीं बढ़ा है.
कच्चे तेल में गिरावट
दुनिया भर में कच्चे तेल के बाजार पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर देखा जा रहा है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) का कहना है कि अगर पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़ते हैं तो दुनिया में तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. एजेंसी के मुताबिक अभी बाजार में सप्लाई ठीक है, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम ऑयल रूट में किसी तरह की रुकावट आई तो कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं. हालांकि ओपेक प्लस और दूसरे देशों की बढ़ती सप्लाई से फिलहाल बाजार को कुछ राहत मिल रही है.
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट ऑयल और डब्ल्यूटीआई (WTI) फ्यूचर्स दोनों ही गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार, सितंबर डिलीवरी वाला ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत फिसलकर 76.01 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ है, जबकि अगस्त डिलीवरी वाला डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.41 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर ट्रेड कर रहा है.वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की मांग को लेकर बनी अनिश्चितता और सप्लाई से जुड़े संकेतों के कारण क्रूड की कीमतों में यह सुस्ती देखने को मिली है.
दुनिया में तेल की मांग घट रही, लेकिन अमेरिका में पेट्रोल की खपत बढ़ी
IEA की रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में दुनिया में कच्चे तेल की मांग कोविड के बाद पहली बार घट सकती है. इसकी वजह ऊंची कीमतें और सप्लाई में आई दिक्कतें हैं. चीन ने महंगे तेल की वजह से अपनी खरीद काफी कम कर दी है और इलेक्ट्रिक गाड़ियों के बढ़ते इस्तेमाल से भी वहां पेट्रोल और डीजल की मांग घटी है. इसके उलट अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें बढ़ने के बावजूद लोग पहले की तरह गाड़ियां चला रहे हैं, जिससे वहां पेट्रोल की खपत बढ़ी है. हाल ही में कुछ जहाजों की आवाजाही फिर शुरू होने से तेल की कीमतों में राहत मिली है, लेकिन बाजार अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है.
भारत बढ़ाएगा अपना स्ट्रैटजिक तेल भंडार
एनर्जी सिक्योरिटी मजबूत करने के लिए भारत ने भी बड़ा कदम उठाया है. सरकारी कंपनी ओएनजीसी ने मंगलुरु में 1.75 मिलियन मीट्रिक टन क्षमता का नया स्ट्रेटजिक पेट्रोलियम रिजर्व बनाने की मंजूरी दी है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के दौरान होर्मुज स्ट्रेट पर असर पड़ने से भारत को भी सप्लाई की चुनौती का सामना करना पड़ा था. ऐसे में सरकार अब तेल का भंडार बढ़ाने पर जोर दे रही है.
घर बैठे ऐसे चेक करें अपने शहर का रेट
अगर आप अपने शहर का ताजा पेट्रोल और डीजल रेट जानना चाहते हैं तो इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की वेबसाइट पर जाकर कीमत देख सकते हैं. SMS के जरिए भी रेट पता किया जा सकता है. इंडियन ऑयल के ग्राहक RSP लिखकर अपने शहर का कोड जोड़ते हुए 9224992249 पर भेज सकते हैं. भारत पेट्रोलियम के ग्राहक 9223112222 पर RSP भेज सकते हैं. वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ग्राहक HP Price लिखकर 9222201122 पर SMS भेजकर अपने शहर का ताजा रेट जान सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं