Petrol Diesel Price Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की बढ़ती कीमतों और सप्लाई पर बने दबाव के चलते देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ा उछाल आया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज की हिस्सेदारी वाली कंपनी जियो-बीपी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं. कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 प्रति रुपये लीटर महंगा किया है, जिससे पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में पेट्रोल के दाम ₹109 के पार पहुंच गए हैं.पेट्रोल- डीजल की नई दरें आज यानी 12 अक्टूबर रविवार से लागू हो गई हैं. इस साल जियो-बीपी की ओर से कीमतों में यह पहली बढ़ोतरी है. इससे पहले नायरा एनर्जी भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा चुकी है.
जियो-बीपी की कीमतें बढ़ने के बाद पंजाब में उसके पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल करीब ₹108.54 प्रति लीटर और डीजल ₹99.19 प्रति लीटर हो गया है. वहीं, हरियाणा में पेट्रोल की कीमत करीब ₹109.80 और डीजल की ₹97.75 प्रति लीटर पहुंच गई है.
नायरा एनर्जी ने भी बढ़ाए थे दाम
जियो-बीपी से पहले 3 अक्टूबर को रूस की रोसनेफ्ट के समर्थन वाली नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया था. इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में नायरा के पंपों पर पेट्रोल ₹119.54 और डीजल ₹102.64 प्रति लीटर हो गया था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ा है.
सरकारी कंपनियों के रेट में बदलाव नहीं
सोमवार, 12 अक्टूबर को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया. दिल्ली में इंडियन ऑयल के पंपों पर पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पर बना हुआ है. हरियाणा के फरीदाबाद में पेट्रोल ₹103.35 और डीजल ₹96.01 प्रति लीटर है.
पेट्रोल-डीजल की कीमतें मई से स्थिर थीं, जबकि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल का भाव करीब 108 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था. सरकारी कंपनियों ने भी इस साल मई में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब ₹7.50 प्रति लीटर बढ़ाए थे.
डीजल की बिक्री पर भी लगी लिमिट
पेट्रोल- डीजल की कीमतें बढ़ाने से पहले सितंबर के आखिर में जियो-बीपी और नायरा एनर्जी ने डीजल की बिक्री पर भी सीमा लिमिट थी. जानकारी के मुताबिक, जियो-बीपी के पंपों पर एक ग्राहक को प्रतिदिन अधिकतम 50 लीटर डीजल देने की लिमिट तय की गई थी. नायरा के पंपों पर यह लिमिट 70 से 200 लीटर तक थी.
दरअसल, सस्ता रिटेल डीजल खरीदने के लिए इंडस्ट्रियल और थोक ग्राहक भी पेट्रोल पंपों का रुख कर रहे थे. इससे सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा था. उस समय सरकारी तेल कंपनियों IOC, BPCL और HPCL की ओर से भी बिक्री की मात्रा सीमित करने की संभावना जताई गई थी.
देश में किस कंपनी के कितने पेट्रोल पंप?
आंकड़ों के मुताबिक, जियो-बीपी देश में 2,227 पेट्रोल पंप चलाती है, जबकि नायरा एनर्जी के 7,105 आउटलेट हैं. देश के कुल 1,04,069 पेट्रोल पंपों में सरकारी कंपनियों की बड़ी हिस्सेदारी है. इंडियन ऑयल के 43,289, भारत पेट्रोलियम के 25,587 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 25,238 पेट्रोल पंप हैं.
यह भी पढ़ें | पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ेंगे? तेल गैस सप्लाई पर फिर मंडरा रहा खतरा, वित्त मंत्रालय ने भी रिपोर्ट में माना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं